बोलेरो की टक्कर से युवक की मौत, दो घायल
प्रयागराज, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित थरवई थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम बोलेरो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसा ख्योराजपुर गांव के समीप हुआ है। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। घायलों का उपचार सीएचसी बनी में चल रहा है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में प्रयागराज के मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिसई सिपाह निवासी विकास गौतम उर्फ लोदी (18) पुत्र राम लखन की जान चली गई। जबकि हादसे में घायल मनीष कुमार और कांशीराम आवास योजना फाफामऊ निवासी वर्षीय नितिन को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिसई सिपाह गांव निवासी विकास गौतम उर्फ लोदी (18) पुत्र राम लखन अपने परिवार के 19 वर्षीय मनीष कुमार और कांशीराम आवास योजना फाफामऊ निवासी अपने मित्र 17 वर्षीय नितिन के साथ मोटरसाइकिल से पेट्रोल डलवाने सहसों गया था। पेट्रोल भरवाकर लौटते समय रास्ते में देर शाम ख्योराजपुर गांव के समीप बोलेरो की टक्कर से तीनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
हादसे के बाद सड़क पर घिसटने से मोटरसाइकिल में आग लग गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाई और 108 एंबुलेंस बुलाकर तीनों घायलों को सीएचसी बनी भेजा, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने विकास गौतम को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनीष कुमार और नितिन को अस्पताल में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइक विकास चला रहा था, जिससे उसे ज्यादा चोट आई और उसकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल