अनियंत्रित कार पिलर से टकराई, कोचिंग संचालक की मौत

 


प्रयागराज, 25 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित हंडिया थाना क्षेत्र में हाइवे पर सोमवार को एक अनियंत्रित कार अचानक फ्लाई ओवर के पिलर में जा टकराई । हादसे में कम्प्यूटर कोचिंग संचालक की मौत हो गई। हालांकि कार में सवार अन्य सभी लोग बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हादसे में प्रयागराज के सरायममरेज थाना क्षेत्र के दयालापुर गांव निवासी अवनीश प्रताप सिंह (२२) पुत्र दलजीत सिंह की मौत हुई है। हादसे के संबंध जानकारी देते परिवार के लोगों ने बताया कि वह पांच भाइयों में सबसे छोटा था। वह वर्तमान में हंडिया कस्बे में कम्प्यूटर कोचिंग सेंटर चलाता था। रविवार को एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूर-दूर से रिश्तेदार आए हुए थे। एक रिश्तेदार को छोड़ने के लिए कार से रविवार देर रात शहर गए। वापस लौटते समय रास्ते में हंडिया कस्बे में कार अचानक फ्लाई ओवर के पिलर से भिड़ गई और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हालांकि कार में सवार अन्य सभी लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल