कांग्रेस का अगला जिलाध्यक्ष ऐसा होगा जो संगठन की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाएगा : जरिता लतफलांग

 




प्रतापपुर विधानसभा की बैठक में जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदारों से आवेदन मांगे, 19 अगस्त को होगा साक्षात्कार

प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। कांग्रेस का अगला जिलाध्यक्ष किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि ऐसा कार्यकर्ता होगा जो पार्टी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाए और संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करे। जिलाध्यक्ष पद के दावेदारों की संगठनात्मक क्षमता, उनकी छवि और पार्टी के प्रति निष्ठा की जांच की जाएगी। इसके बाद योग्य दावेदारों का साक्षात्कार लेकर नामों का पैनल तैयार किया जाएगा। यह बातें कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं संगठन सृजन अभियान की पर्यवेक्षक जरिता लतफलांग ने प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के मियापुर में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में कही।

उन्होंने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से आवेदन मांगे गए हैं। गांव के अध्यक्ष, विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारी, प्रत्याशी या जिला कमेटी के पदाधिकारी समेत इच्छुक कार्यकर्ता आवेदन पत्र ले सकते हैं। आवेदन के साथ मांगे गए सभी दस्तावेज और जानकारी सही-सही उपलब्ध करानी होगी।

जरिता लतफलांग ने कहा कि आवेदकों की ओर से दी गई जानकारी की जांच पार्टी की विधिक समिति करेगी। आवेदक की छवि, उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे और संगठन में उसकी सक्रियता सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी। इसके बाद योग्य दावेदारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 अगस्त को दावेदारों का साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके बाद चयनित नामों का पैनल प्रदेश और केंद्रीय नेतृत्व के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि करीब छह दावेदारों के नामों का पैनल तैयार किए जाने की संभावना है और इसके बाद जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नए जिलाध्यक्ष को संगठन को मजबूत करने के लिए पर्याप्त अधिकार दिए जाएंगे। पार्टी के प्रति निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ता को ही यह जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। उन्होंने कहा कि केवल दिखावे के लिए कांग्रेस से जुड़ना पर्याप्त नहीं है। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद और व्यक्तिगत अहंकार छोड़कर उसके समर्थन में पूरी ताकत से काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का टिकट पार्टी का निर्णय होता है। इसलिए टिकट किसी अन्य कार्यकर्ता को मिलने पर असंतोष जताने के बजाय सभी को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करना चाहिए। संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर पार्टी के लिए काम करना होगा।

बैठक के दौरान पर्यवेक्षक ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और आम लोगों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत भी की। उन्होंने जिलाध्यक्ष पद के लिए उनकी पसंद, संगठन को मजबूत करने के सुझाव और स्वयं जिम्मेदारी संभालने की इच्छा के बारे में जानकारी ली।

पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी संजय तिवारी ने कहा कि यदि प्रतापपुर में पंडित श्यामसूरत उपाध्याय जैसे मजबूत नेता की परंपरा को आगे बढ़ाना है तो कार्यकर्ताओं को कांग्रेस के झंडे के नीचे एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करना होगा। उन्होंने कहा कि गुटबाजी और आपसी मतभेद छोड़कर कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशफाक अहमद ने की, जबकि संचालन सोनू दुबे ने किया। बैठक में गंगापार संगठन प्रभारी उज्ज्वल शुक्ला, मनीष, महताब नकवी, कमर रिजवी, संतोष सिंह, पूर्व प्रमुख विनय दुबे, कमलेश पांडे, राजेश सरोज, गुड्डू लखवी, कमलेश पटेल, देवेंद्र तिवारी, एडवोकेट सैयद अहमद और डॉ. साधु चरण तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल