राजनीतिक इमारत की नींव की ईंट हैं कार्यकर्ता : डॉ. मानसिंह यादव

 




सपा कार्यालय में नवनिर्वाचित एमएलसी का सम्मान, पूर्व विधायक डॉ. अजय भारतीय और विदुप अग्रहरि का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत

प्रयागराज, 18 नवंबर (हि.स.)। किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता राजनीतिक इमारत की नींव की ईंट हैं। उनकी मेहनत, मजबूती और समर्पण से ही पार्टी आगे बढ़ती है। मेरी जीत का पूरा श्रेय उन समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है, जिन्होंने समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में भरोसा जताते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से चुनाव में सहयोग किया। यह बातें बुधवार को नवनिर्वाचित सपा एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव ने जार्जटाउन स्थित समाजवादी पार्टी के महानगर कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कही।

समाजवादी पार्टी महानगर इकाई की ओर से आयोजित समारोह में नवनिर्वाचित एमएलसी डॉ. मानसिंह यादव के साथ ही पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक डॉ. अजय भारतीय और पूर्व सांसद श्यामा चरण के पुत्र विदुप अग्रहरि का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. अजय भारतीय और विदुप अग्रहरि ने सपा नेतृत्व के प्रति आस्था जताते हुए पार्टी की नीतियों में विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने पार्टी में शामिल होने को अपनी घर वापसी बताया।

महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने डॉ. मानसिंह यादव को संविधान की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। महिला नेत्री पद्मा यादव ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। इसके अलावा पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों ने अंगवस्त्र और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सैयद इफ्तेखार हुसैन ने की और संचालन महासचिव रविंद्र यादव ने किया।

इस मौके पर सपा प्रदेश महासचिव प्रकाश उर्फ लल्लन राय, मुस्ताक काजमी, दान बहादुर मधुर, दिलीप सोनी, महबूब उस्मानी, वजीर खां, तारिक सईद अज्जू, लालचंद्र कुशवाहा, मयंक जोंटी, मोहम्मद अजहर, दिनेश यादव, श्रीकांत यादव, महेंद्र निषाद, सचिन श्रीवास्तव, सविता कैंथवास, प्रवीण केसरवानी, राजेश गुप्ता, अमित गुप्ता, सुभाष गुप्ता, देवीलाल, संतोष यादव, मंजू यादव, प्रतिमा रावत, ओपी पाल, मोहम्मद दानिश, चंचल पासी, आशुतोष तिवारी, प्रभात यादव, ताहिर, आसिफ और माशाहद अली खां सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल