पिछड़ी जातियों के लिए स्वर्णिम समय, संगठन ने जो जिम्मेदारी दी उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा : राजेश निषाद
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष बनने पर कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, प्रदेश नेतृत्व के प्रति जताया आभार
प्रयागराज, 14 अक्टूबर (हि.स.)। “यह पिछड़ी जातियों के लिए स्वर्णिम समय है। संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करूंगा।” यह बातें बुधवार को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष राजेश निषाद उर्फ पप्पू निषाद ने कही। उनके मनोनयन की जानकारी मिलते ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने उनके दारागंज स्थित आवास पर पहुंचकर मिठाई खिलाई और माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।
भाजपा मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि राजेश निषाद प्रयागराज के धार्मिक क्षेत्र दारागंज के निवासी हैं। वह पूर्व पार्षद रह चुके हैं और भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उन्हें तेजतर्रार और वरिष्ठ भाजपा नेता के रूप में जाना जाता है। पार्टी संगठन ने उन्हें प्रयागराज महानगर में पिछड़ा मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी है।
नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष राजेश निषाद ने इस जिम्मेदारी के लिए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित प्रदेश संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी मेहनत से काम करेंगे। साथ ही पिछड़े वर्ग के लोगों को संगठन से जोड़ने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
उनके मनोनयन पर बधाई देने वालों में मधु चकहा, शिव मनोरथ शुक्ला, सुभाष वैश्य, भरत निषाद, दिगंबर चकहा, सोनू निषाद, राजू श्रीवास्तव, केके पाठक, गोल्डी दुबे, रवि निषाद, नितिन दुबे, श्रीश चंद्र दुबे, राहुल सिंह राणा, शुभम चौरसिया, चिंटू निषाद, सुनील महरा और श्वेताभ निषाद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल