निषाद पार्टी संगठन और समाज की आवाज, इसे कमजोर करने की कोशिश सफल नहीं होगी : डॉ. संजय निषाद

 






कैबिनेट मंत्री बोले- पार्टी ने निषाद समाज के संघर्ष और अधिकारों को आगे बढ़ाया, कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे

प्रयागराज, 20 सितंबर (हि.स.)। निषाद पार्टी किसी व्यक्ति विशेष की पार्टी नहीं, बल्कि निषाद समाज के संघर्ष, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी की आवाज है। पार्टी को कमजोर करने या तोड़ने की कोशिशें सफल नहीं होंगी। यह बातें विश्व प्रसिद्ध संगम नगरी में रविवार को आगामी विधानसभा चुनाव का शंखनाद महाराजा गुह्यराज निषाद जी की पावन धरती प्रयागराज के नॉर्दर्न रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी (NRIPT), तेलियरगंज में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने कहीं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों के विश्वास से मजबूत हुई है और आगे भी उनके अधिकारों तथा सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी जल्द अपना संगठनात्मक ढांचा और मजबूत करेगी। यह किसी व्यक्ति के खिलाफ धमकी नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता और संगठन के फैसले की बात है। उन्होंने कहा कि पार्टी बहुत कुछ सह सकती है और जरूरत पड़ने पर बहुत कुछ माफ भी कर सकती है, लेकिन धोखा और दगाबाजी को संगठन स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि आज पार्टी के कार्यकर्ता जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। जिन्होंने पार्टी को खड़ा किया, उसकी जड़ों को समझा और समाज के दुख-दर्द को महसूस किया, उनका संगठन के प्रति योगदान महत्वपूर्ण है। ऐसे कार्यकर्ताओं के हाथों में संगठन की कमान मजबूत बनी रहेगी।

परिवारवाद के आरोप पर भी रखी बात

डॉ. संजय निषाद ने परिवारवाद के आरोपों पर कहा कि राजनीतिक दलों में परिवार के लोगों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए जाते हैं, लेकिन निषाद पार्टी के गठन और उसके संघर्ष को समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि उनके परिवार के लोग राजनीति में नहीं आते तो पार्टी की जिम्मेदारियां कौन संभालता, यह भी विचार करने की बात है।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समाज के लोगों के विश्वास से खड़ी हुई है। प्रयागराज की धरती से उन्होंने कहा कि पार्टी को तोड़ने या कमजोर करने की कोशिशों के बावजूद निषाद पार्टी अपने उद्देश्य से पीछे नहीं हटेगी।

योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार में रहते हुए उन्होंने निषाद समाज के परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। उनके अनुसार, मत्स्य पालन, मछुआरों की आजीविका और अन्य योजनाओं के माध्यम से समाज के लोगों को आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में हजारों करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र में काम हुआ है। उनका प्रयास रहा है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

निषाद समाज की राजनीतिक भागीदारी पर जोर

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद, कश्यप, केवट, बिंद, मल्लाह सहित विभिन्न समुदायों के लोग लंबे समय से अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समुदायों की राजनीतिक और सामाजिक भागीदारी को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि गंगा और यमुना के किनारे रहने वाले इन समुदायों की समस्याओं और उनकी आजीविका से जुड़े विषयों को राजनीतिक स्तर पर उठाना जरूरी है। निषाद पार्टी अपने संगठन और कार्यकर्ताओं के माध्यम से समाज की आवाज को आगे बढ़ाती रहेगी।

डॉ. संजय निषाद ने कहा कि संगठन की मजबूती के साथ निषाद समाज अपनी पहचान और अधिकारों को लेकर और जागरूक हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और समाज के हित में कार्य करते रहने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल