(अपडेट) श्रृंगवेरपुर धाम में बनी अवैध मस्जिद के विरोध में डॉ. संजय निषाद धरने पर बैठे
प्रयागराज, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के बाल सखा निषाद राज गुहा से जुड़े प्राचीन किला एवं श्रृंगवेरपुर धाम क्षेत्र में हाे रहे अवैध कब्जे और अवैध रुप से बनी मस्जिद काे हटाने की मांग ने जाेर पकड़ लिया है। इसी कड़ी में प्रदेश सरकार के मत्स्य विभाग के मंत्री एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद सोमवार को अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गए।
निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार निषाद श्रृंगवेरपुर धाम के पास स्थित जीटी रोड पर धरने पर बैठ गए। उन्हाेंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का स्थल है। यहां निषाद राज गुहा का प्राचीन किला और धाम स्थित हैं। लेकिन इस क्षेत्र में लगातार अवैध कब्जे और
वहां बनी मस्जिद काे बना ली गई हैं, जिन्हें हटाया जाना आवश्यक है।
उन्होंने आरोप लगाया कि श्रृंगवेरपुर धाम क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल की गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार एवं प्रशासन से मांग की कि अवैध कब्जों को तत्काल हटाकर क्षेत्र को संरक्षित किया जाए। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।प्रदेश सरकार में मंत्री के धरना प्रदर्शन की जानकारी
मिलते ही पुलिस बल और अधिकारी माैके पर पहुंच गए हैं। धरने में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता माैजूद हैं और नारेबाजी जारी है।
उल्लेखनीय है कि श्रृंगवेरपुर धाम को भगवान राम और निषाद राज गुहा की ऐतिहासिक मित्रता से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल माना जाता है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इस क्षेत्र में लगातार अवैध कब्जे हाे रहे हैं, इससे नाराज मत्स्य मंत्री डाॅ. संजय निषाद आज धरने पर बैठे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार