यूटीएस काउंटर पर डिजिटल भुगतान बढ़ा, 5.21 लाख से अधिक टिकट जारी
प्रयागराज, 26 अगस्त (हि.स.)। रेलवे के प्रयागराज मंडल में अनारक्षित टिकट खरीदने के लिए डिजिटल भुगतान का चलन तेजी से बढ़ रहा है। चालू वित्तीय वर्ष में 24 अगस्त 2026 तक यूटीएस काउंटरों से डिजिटल भुगतान के जरिए 5,21,514 टिकट जारी किए गए। इन टिकटों से 12,60,785 यात्रियों ने यात्रा की और रेलवे को 10.20 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में डिजिटल भुगतान से जारी टिकटों की संख्या में 83 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बुधवार काे बताया कि यात्रियों को अनारक्षित टिकट खरीदने में सुविधा देने के लिए यूटीएस काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे यात्रियों को नकद रखने की जरूरत नहीं पड़ती और टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी आसान और तेज होती है। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान को लेकर यात्रियों की स्वीकार्यता लगातार बढ़ रही है और मंडल की ओर से इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में डिजिटल भुगतान से जारी टिकटों के माध्यम से मंडल को कुल 10,20,29,370 रुपये की आय हुई है। पिछले वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में यात्रियों की संख्या में 91.24 प्रतिशत और आय में 84.09 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
प्रयागराज जंक्शन पर सबसे अधिक आय
डिजिटल भुगतान से टिकट जारी करने वाले प्रमुख स्टेशनों में प्रयागराज जंक्शन सबसे आगे रहा। यहां 1,00,920 टिकट जारी किए गए, जिनसे 1,63,852 यात्रियों ने यात्रा की और रेलवे को 2.75 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई।
कानपुर सेंट्रल पर 57,699 टिकटों से 1,21,621 यात्रियों ने यात्रा की और 1.40 करोड़ रुपये से अधिक की आय हुई। अलीगढ़ जंक्शन पर 64,182 टिकटों के जरिए 2,07,977 यात्रियों ने यात्रा की और 86.62 लाख रुपये की आय हुई।
इसी तरह मिर्जापुर में 23,411 टिकटों से 53,424 यात्रियों ने यात्रा की और 78.01 लाख रुपये की आय हुई। टुंडला जंक्शन पर 24,922 टिकटों से 43,540 यात्रियों ने यात्रा की और 48.83 लाख रुपये की आय हुई।
यात्रियों को डिजिटल भुगतान के लिए किया जा रहा जागरूक
प्रयागराज मंडल की ओर से यात्रियों को डिजिटल भुगतान के प्रति जागरूक करने के साथ ही अनारक्षित टिकट खरीदने की प्रक्रिया को सुविधाजनक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा स्टेशनों पर पोस्टर, स्टीकर और उद्घोषणा के माध्यम से यात्रियों को उचित और वैध रेलवे टिकट लेकर ही यात्रा करने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवा उपलब्ध कराना मंडल की प्राथमिकता है। डिजिटल भुगतान की बढ़ती सुविधा इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल