तीन विशेष ट्रेनें होंगी नियमित, प्रयागराज से यात्रियों को मिलेगा लाभ
रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस और अहमदाबाद–भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस के संचालन में प्रयागराज शामिल
प्रयागराज, 22 अगस्त (हि.स.)। यात्रियों की बढ़ती मांग और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने तीन विशेष ट्रेनों को नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इनमें रानी कमलापति–अगरतला विशेष ट्रेन को 11665/11666 रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस, हापा–नाहरलगुन विशेष ट्रेन को 19525/19526 हापा–नाहरलगुन एक्सप्रेस तथा अहमदाबाद–पटना विशेष ट्रेन को 19423/19424 अहमदाबाद–भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेसके रूप में चलाया जाएगा। इन सेवाओं से प्रयागराज समेत कई शहरों के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह जानकारी शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि रानी कमलापति–अगरतला एक्सप्रेस 22 अक्टूबर से चलेगी। गाड़ी संख्या 11665 रानी कमलापति–अगरतला साप्ताहिक एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रानी कमलापति से रवाना होगी। इसका नियमित संचालन 22 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। वापसी में गाड़ी संख्या 11666 अगरतला–रानी कमलापति प्रत्येक रविवार को अगरतला से चलेगी और 25 अक्टूबर से इसका संचालन शुरू होगा।
यह ट्रेन रानी कमलापति से चलकर नर्मदापुरम, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, पटना, हाजीपुर, बरौनी, कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी, गुवाहाटी सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगरतला पहुंचेगी। ट्रेन में कुल 23 कोच होंगे, जिनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं।
हापा–नाहरलगुन एक्सप्रेस भी होगी नियमित
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 19525 हापा–नाहरलगुन एक्सप्रेस प्रत्येक बुधवार को हापा से चलेगी। इसका नियमित संचालन 23 सितंबर 2026 से शुरू होगा। वापसी में 19526 नाहरलगुन–हापा एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को चलेगी और 26 सितंबर से इसका संचालन शुरू होगा।
यह ट्रेन राजकोट, अहमदाबाद, रतलाम, उज्जैन, ग्वालियर, भिंड, इटावा, गोविंदपुरी, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, बनारस, वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, कटिहार, किशनगंज, न्यू जलपाईगुड़ी, रंगिया और अन्य प्रमुख स्टेशनों से होकर नाहरलगुन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 21 कोच होंगे।
अहमदाबाद–भागलपुर अमृत भारत एक्सप्रेस 26 अगस्त से
रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 09447/09448 अहमदाबाद–पटना विशेष ट्रेन को नियमित करते हुए 19423/19424 अहमदाबाद–भागलपुर साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 19423 अहमदाबाद–भागलपुर का संचालन 26 अगस्त 2026 से प्रत्येक बुधवार को होगा, जबकि 19424 भागलपुर–अहमदाबाद का संचालन 28 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार को किया जाएगा।
यह ट्रेन अहमदाबाद से चलकर आनंद, छायापुरी, गोधरा, दाहोद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, किऊल, जमालपुर और सुल्तानगंज होते हुए भागलपुर पहुंचेगी। ट्रेन में 22 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर, सामान्य, भोजनालय और एसएलआर कोच शामिल हैं।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और विभिन्न क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विशेष ट्रेनों को नियमित किया जा रहा है। इन ट्रेनों के नियमित संचालन से प्रयागराज और आसपास के यात्रियों को देश के विभिन्न हिस्सों तक आने-जाने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई सेवाओं से यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ प्रमुख शहरों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल