नई दिल्ली-हावड़ा फेस्टिवल स्पेशल के बढ़ाए गए फेरे, अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी
अक्टूबर-नवंबर में दोनों दिशाओं में 24-24 फेरे, त्योहारों पर यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा
प्रयागराज, 25 सितंबर (हि.स.)। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नई दिल्ली-हावड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के फेरों में बढ़ोतरी की है। गाड़ी संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा अब सप्ताह में तीन दिन और गाड़ी संख्या 04051 हावड़ा-नई दिल्ली भी सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। दोनों दिशाओं में अक्टूबर और नवंबर के दौरान 24-24 फेरे चलाए जाएंगे।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने शुक्रवार काे बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए फेस्टिवल स्पेशल की आवृत्ति बढ़ाई गई है। इससे त्योहारों के दौरान दिल्ली और हावड़ा के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन के संचालन की अद्यतन जानकारी रेलवे की हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस से प्राप्त करने की अपील की।
गाड़ी संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा फेस्टिवल स्पेशल पहले शुक्रवार को साप्ताहिक चलनी थी। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब यह ट्रेन शुक्रवार, रविवार और मंगलवार को चलेगी। अक्टूबर में नई दिल्ली से यह ट्रेन 6, 9, 11, 13, 16, 18, 20, 23, 25, 27 और 30 अक्टूबर को चलेगी। नवंबर में 1, 3, 6, 8, 10, 13, 15, 17, 20, 22, 24, 27 और 29 नवंबर को इसका संचालन होगा। इस तरह अक्टूबर-नवंबर में नई दिल्ली से कुल 24 फेरे होंगे।
इसी तरह गाड़ी संख्या 04051 हावड़ा-नई दिल्ली फेस्टिवल स्पेशल पहले रविवार को साप्ताहिक चलनी थी। अब यह रविवार, मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। अक्टूबर में हावड़ा से यह ट्रेन 8, 11, 13, 15, 18, 20, 22, 25, 27 और 29 अक्टूबर को चलेगी। नवंबर में 1, 3, 5, 8, 10, 12, 15, 17, 19, 22, 24, 26 और 29 नवंबर तथा 1 दिसंबर 2026 को चलेगी। इस दिशा में भी कुल 24 फेरे संचालित होंगे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के दिन और समय की नवीनतम जानकारी रेलवे हेल्पलाइन 139 या एनटीईएस के माध्यम से जरूर जांच लें। त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को नियमित ट्रेनों के साथ अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल