सद्भावना एक्सप्रेस में अब और बेहतर होगी सफाई व्यवस्था
आरक्षित के साथ अनारक्षित डिब्बों में भी होगी नियमित सफाई, आधुनिक मशीनों से होगी स्वच्छता
प्रयागराज, 10 अगस्त (हि.स.)। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देने के लिए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनस–सुल्तानपुर सद्भावना एक्सप्रेस में सफाई और लिनन वितरण की नई व्यवस्था लागू की है। ट्रेन संख्या 14014/14013 में यह व्यवस्था 8 अगस्त 2026 से प्रभावी कर दी गई है। यह नई व्यवस्था लागू होने वाली दूसरी ट्रेन है। यह जानकारी सोमवार को उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।
उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था के तहत ट्रेन के केवल आरक्षित डिब्बों में ही नहीं, बल्कि अनारक्षित डिब्बों में भी सफाई की जाएगी। इससे पूरी ट्रेन में स्वच्छता व्यवस्था को एक समान बनाए रखने में मदद मिलेगी। स्लीपर श्रेणी के डिब्बों में यात्रियों की सुविधा के लिए तरल साबुन उपलब्ध कराया जाएगा। यात्रियों के स्वागत और कचरा एकत्र करने के लिए विमान सेवा की तरह विशेष पोर्टेबल उपकरणों का उपयोग किया जाएगा।
सफाई कार्य की निगरानी के लिए ऑनलाइन प्रणाली तैयार की गई है। इसके माध्यम से सफाई की तस्वीरें स्थान और समय के साथ दर्ज की जाएंगी। इससे यह पता लगाया जा सकेगा कि सफाई का कार्य निर्धारित समय और स्थान पर हुआ है या नहीं।
ट्रेन में पहली बार तेज दबाव वाली जलधारा से सफाई करने वाली मशीन और धूल खींचने वाली मशीन का उपयोग किया जाएगा। इससे डिब्बों और अन्य स्थानों की सफाई अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी।
यात्रियों की शिकायतों और सेवा से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए सेवा प्रदाता की ओर से विशेष नियंत्रण कक्ष भी बनाया जाएगा। यहां से पूरी व्यवस्था की निगरानी की जाएगी और यात्रियों की शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाएगा।
सफाई कार्य के लिए प्रशिक्षित और सत्यापित कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। सभी कर्मचारी निर्धारित वर्दी में रहेंगे। उनके कार्यों की जिम्मेदारी भी स्पष्ट रूप से तय की गई है। इसमें लिनन का प्रबंधन, डिब्बों की सफाई, शौचालयों की देखभाल, कचरा एकत्र करना और उसका निस्तारण, प्रारंभिक सुरक्षा जांच, छोटी-मोटी मरम्मत तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता देना शामिल है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि यात्रियों को बेहतर और स्वच्छ यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। नई व्यवस्था में आधुनिक सफाई उपकरणों, प्रशिक्षित कर्मचारियों और डिजिटल निगरानी का उपयोग किया जा रहा है। इससे सफाई व्यवस्था की गुणवत्ता के साथ ही कर्मचारियों की जवाबदेही भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार के डिब्बों को सफाई व्यवस्था में शामिल करने से यात्रियों को पूरी ट्रेन में बेहतर स्वच्छता सुविधा मिल सकेगी।
रेलवे के अनुसार, नई व्यवस्था से सफाई की गुणवत्ता, निगरानी और शिकायतों के त्वरित समाधान को मजबूत किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को अधिक स्वच्छ और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल