पीईटी परीक्षा के लिए रेलवे ने की व्यापक तैयारियां, चलेंगी विशेष ट्रेनें
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन, प्रमुख स्टेशनों पर सीसीटीवी से होगी निगरानी
प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुगम यात्रा के लिए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने व्यापक तैयारियां की हैं। 25 और 30 अक्टूबर तथा एक नवंबर को आयोजित होने वाली परीक्षा के मद्देनजर विशेष अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ ही नियमित ट्रेनों के विस्तार और अतिरिक्त रेल डिब्बों के उपयोग की व्यवस्था की गई है। रेलवे का प्रयास है कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद अपने गंतव्य तक लौटने में सुविधा मिले।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के निर्देशन में प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर तथा प्रवेश और निकास द्वारों पर व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर दिया गया है। मंडल स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी। अधिकारी भीड़ और यात्रियों की आवाजाही पर लगातार नजर रखेंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
प्रयागराज से झांसी और कानपुर से मथुरा के लिए विशेष ट्रेनें
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए दो महत्वपूर्ण एकतरफा अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है।
गाड़ी संख्या 01821, प्रयागराज जंक्शन–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी:
उक्त ट्रेन 12 डिब्बों वाली यह ट्रेन 24 और 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर को प्रयागराज जंक्शन से रात 7:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी।
गाड़ी संख्या 01823, कानपुर सेंट्रल–मथुरा जंक्शन: 12 डिब्बों वाली यह ट्रेन 24 और 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर को कानपुर सेंट्रल से रात 8 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:10 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी। इससे कानपुर, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और टूंडला सहित संबंधित स्टेशनों से यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को सुविधा मिलेगी।
नियमित ट्रेनों के संचालन में भी जरूरत के अनुसार बदलाव
परीक्षा के दौरान यात्रियों की संख्या और परिचालन की स्थिति को देखते हुए प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों के बीच समन्वय कर अतिरिक्त विशेष ट्रेनों के संचालन का भी प्रावधान किया गया है। कानपुर सेंट्रल से लखनऊ, रायबरेली और खजुराहो जाने वाली तीन ट्रेनों के समय में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। इसके अलावा कानपुर सेंट्रल–फतेहपुर, इटावा–कानपुर सेंट्रल, कानपुर सेंट्रल–टूंडला सहित संबंधित खंडों की नौ ट्रेनों के विस्तार का प्रावधान रखा गया है। ये बदलाव आवश्यकता के अनुसार लागू किए जाएंगे।
पीईटी परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। इसी के अनुसार रेल परिचालन की योजना तैयार की गई है, जिससे परीक्षा के समय यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभाला जा सके।
उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शनिवार काे बताया कि पीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा रेलवे की प्राथमिकता है। इसके लिए विशेष अनारक्षित ट्रेनों, नियमित रेल सेवाओं के विस्तार और प्रमुख स्टेशनों पर निगरानी की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की भीड़ के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। रेलवे का प्रयास है कि परीक्षार्थी सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा कर समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल