ग्रुप डी कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच, 160 रेलकर्मियों ने लिया जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा
विशेष अभियान 6.0 के तहत प्रयागराज में स्वास्थ्य शिविर, डीआरएम कार्यालय में 87 कर्मचारियों की हुई जांच नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाने पर जोर
प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे में कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए विशेष अभियान 6.0 के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और जांच शिविर आयोजित किए गए। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के मार्गदर्शन में सोमवार को केंद्रीय चिकित्सालय, प्रयागराज और मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रमों में ग्रुप डी कर्मचारियों को नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता कार्यक्रम में कुल 160 कर्मचारियों ने भाग लिया, जबकि डीआरएम कार्यालय परिसर में लगाए गए शिविर में 87 रेलकर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने साेमवार काे बताया कि विशेष अभियान 6.0 के तहत कर्मचारियों के स्वास्थ्य कल्याण के लिए यह पहल की गई है। रेलवे परिचालन में जमीनी स्तर पर काम करने वाले कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी, बीमारियों से बचाव और समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना जरूरी है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने के साथ उनके लिए स्वस्थ और सहयोगपूर्ण कार्य वातावरण तैयार करना है।
नियमित स्वास्थ्य जांच पर दिया जोर
केंद्रीय चिकित्सालय में आयोजित स्वास्थ्य जागरूकता संगोष्ठी की अध्यक्षता चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश निगम ने की। उन्होंने रेलवे परिचालन में अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और बचाव संबंधी उपाय अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम में चिकित्सा विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। डॉ. ऊषा यादव ने बचाव संबंधी स्वास्थ्य उपायों के बारे में बताया, जबकि डॉ. रोहित कुमार ने कार्यस्थल पर स्वास्थ्य प्रबंधन और दैनिक जीवन में स्वस्थ रहने के उपाय साझा किए। केंद्रीय चिकित्सालय की वरिष्ठ आहार विशेषज्ञ ने संतुलित भोजन, खानपान में जरूरी बदलाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रबंधन की जानकारी दी।
डीआरएम कार्यालय में 87 कर्मचारियों की जांच
जागरूकता संगोष्ठी के साथ केंद्रीय चिकित्सालय और डीआरएम कार्यालय परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए गए। इन शिविरों में कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक सलाह उपलब्ध कराई गई। डीआरएम कार्यालय परिसर में आयोजित शिविर में 87 कर्मचारियों की जांच की गई।
विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस पहल के माध्यम से उत्तर मध्य रेलवे ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण और जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वस्थ रखने के साथ सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल