प्रयागराज मंडल में रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित, कर्मचारियों ने दिखाई प्रतिभा

 


प्रयागराज, 24 जुलाई (हि.स.)। राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रचार-प्रसार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में शुक्रवार को अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता के प्रथम चरण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। यह जानकारी रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने दी।

उन्होंने बताया कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल कार्यालय में अखिल रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता के प्रथम चरण का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाना, राजभाषा नीति के प्रति जागरूकता पैदा करना और रेलवे से जुड़े विषयों की जानकारी को मजबूत करना था।

प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल के विभिन्न स्टेशनों और कार्यालयों से कुल 21 कर्मचारियों ने भाग लिया। पूरी प्रतियोगिता हिंदी माध्यम में आयोजित की गई। इसमें रेलवे से जुड़े विषयों, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा और सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे गए। प्रतिभागियों ने अपनी जानकारी, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

राजभाषा विभाग की ओर से प्रतियोगिता का सफल संचालन किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता में चयनित टीम अब क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल का प्रतिनिधित्व करेगी।

प्रतियोगिता के विजेता कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा। मंडल प्रशासन ने सभी प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी और अनुशासित प्रदर्शन की सराहना की।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनकी कार्यकुशलता और ज्ञान को भी समृद्ध करती हैं। प्रयागराज मंडल राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल