उत्तर मध्य रेलवे में ग्रुप 'डी' भर्ती की शारीरिक परीक्षा पारदर्शी ढंग से जारी, अभ्यर्थियों ने की व्यवस्थाओं की सराहना

 


प्रयागराज, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) की ओर से ग्रुप 'डी' के विभिन्न पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से कराई जा रही है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी रेलवे की ओर से की गई व्यवस्थाओं और सुविधाओं की सराहना कर रहे हैं।

रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे में 2,020 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। 25 से 28 जुलाई तक आयोजित हो रही शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए 3,736 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इनमें 3,511 पुरुष और 225 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं नियमों के अनुसार 751 अभ्यर्थियों को पीईटी से छूट दी गई है।

शारीरिक परीक्षा में पुरुष अभ्यर्थियों को 4 मिनट 15 सेकंड में 1,000 मीटर दौड़ पूरी करनी होती है और 35 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में तय करनी होती है। महिला अभ्यर्थियों के लिए 1,000 मीटर दौड़ के लिए 5 मिनट 40 सेकंड और 20 किलोग्राम वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में पूरी करने का मानक निर्धारित किया गया है।

परीक्षा को सुव्यवस्थित बनाने के लिए अभ्यर्थियों को सुबह 6 बजे, 7 बजे और 8 बजे तीन बैचों में बुलाया जा रहा है। सबसे पहले दस्तावेजों का सत्यापन, बायोमेट्रिक और आधार प्रमाणीकरण तथा आरएफआईडी पंजीकरण किया जाता है। इसके बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा के सभी नियम और मानकों की जानकारी दी जाती है।

रेलवे के अनुसार 25 जुलाई को 1,000 में से 640 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 251 सफल और 229 असफल रहे, जबकि भारी बारिश के कारण प्रभावित लगभग 160 अभ्यर्थियों को आरक्षित दिन पर दोबारा मौका दिया जाएगा। 26 जुलाई को 1,250 में से 928 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जिनमें 622 सफल और 306 असफल रहे। वहीं 27 जुलाई को 1,261 अभ्यर्थियों को बुलाया गया, जिनमें 872 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए और 500 सफल घोषित किए गए।

अभ्यर्थियों की सुरक्षा को देखते हुए परीक्षा स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सा टीम, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुचारु बनाने के लिए आरआरसी, प्रयागराज मंडल, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), स्काउट्स तथा सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की टीमें तैनात हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि ग्रुप 'डी' भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जा रही है। अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल