महाप्रबंधक ने टूंडला-हरदुआगंज रेलखंड का किया निरीक्षण, संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

 


हरदुआगंज यार्ड और अलीगढ़ रनिंग रूम का भी लिया जायजा, अलीगढ़-डावर रेलखंड पर विंडो ट्रेलिंग कर माल यातायात की व्यवस्थाएं परखीं

प्रयागराज, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बुधवार को टूंडला-हरदुआगंज रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल परिचालन, संरक्षा और रेल अवसंरचना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने हरदुआगंज यार्ड का विस्तृत निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और यात्री व मालगाड़ियों का सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने हरदुआगंज यार्ड में रेल पटरियों, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, अनुरक्षण कार्यों तथा संरक्षा मानकों की स्थिति देखी। उन्होंने विभिन्न विकास और अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी अधिकारियों से ली और सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने अलीगढ़ रनिंग रूम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता और रखरखाव की व्यवस्था देखी। इसके बाद अलीगढ़-डावर रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए टीएचडीसी साइडिंग, डावर का जायजा लिया। उन्होंने माल यातायात से जुड़ी व्यवस्थाओं और परिचालन प्रणाली की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को रेल अवसंरचना का बेहतर रखरखाव, समय पर अनुरक्षण तथा कार्यस्थलों पर स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षणों से रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद बनाया जा सकता है। यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने और माल परिवहन को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करना चाहिए।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि महाप्रबंधक के निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेलखंड, यार्ड और अन्य परिचालन स्थलों पर संरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना तथा रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार सुनिश्चित करना रहा। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को अनुरक्षण कार्य समय से पूरा करने, रेल अवसंरचना को बेहतर स्थिति में रखने और संरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज रजनीश अग्रवाल, मुख्य परियोजना प्रबंधक एवं गतिशक्ति मनीष शर्मा, सचिव एवं महाप्रबंधक अखिल शुक्ला, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (चतुर्थ) अविलय यादव सहित उत्तर मध्य रेलवे एवं प्रयागराज मंडल के अधिकारी और पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल