स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से प्रेरणा लेकर कर्तव्यों के प्रति समर्पित हों : रजनीश अग्रवाल
-प्रयागराज रेल मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मना, उत्कृष्ट कार्य करने वाले 132 रेलकर्मी सम्मानित
प्रयागराज, 15 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी निष्ठा से समर्पित होना चाहिए। यह बातें मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल रजनीश अग्रवाल ने शनिवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में कही।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल ऊर्जा, उत्साह, सकारात्मक सोच और टीम भावना से परिपूर्ण है। यहां अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी एक परिवार की भावना के साथ मिलकर कार्य करते हैं। महाकुंभ जैसे विश्वस्तरीय आयोजन में मंडल के कर्मचारियों ने जिस तत्परता, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ सेवाएं दीं, वह पूरे मंडल के लिए गौरव की बात है।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के बाद मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने ध्वजारोहण किया। उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की परेड का निरीक्षण किया। इसके बाद उत्कृष्ट कार्य और अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने वाले 132 रेलकर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों, कर्मचारियों, यूनियन एवं फेडरेशन के पदाधिकारियों तथा मीडियाकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
2.68 करोड़ यात्रियों को मिली रेल सुविधा
मंडल रेल प्रबंधक ने मंडल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जुलाई 2026 में स्लीपर कोच में 6.93 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र की सफल शुरुआत की गई है। इसके प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक माह दो कोच में यह प्रणाली लगाने की योजना है। मंडल में कुल 1,572 किलोवाट क्षमता के रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा चुके हैं। चालू वित्त वर्ष में जुलाई तक करीब 9.29 लाख पौधे लगाए गए हैं। चालू वित्त वर्ष में जुलाई तक प्रयागराज मंडल ने करीब 2.68 करोड़ यात्रियों को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई। इससे 629.58 करोड़ रुपये की यात्री आय प्राप्त हुई। माल लदान से 312.26 करोड़ की आय हुई और मंडल की कुल आय करीब 1,019 करोड़ रही। हरदुआगंज, अलीगढ़ और शिकोहाबाद मालगोदामों से पहली बार मक्का का लदान भी किया गया।
सभी विभागों के संयुक्त प्रयास से जुलाई तक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की समयपालनता 87.89 प्रतिशत रही, जो पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 7.4 प्रतिशत अधिक है। जुलाई में यह 88.91 प्रतिशत रही। रूमा-चंदारी खंड की तीसरी लाइन पर गति 100 से बढ़ाकर 110 किलोमीटर प्रति घंटा की गई है। मंडल से वर्तमान में 390 ट्रेनें अधिकतम 130 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रही हैं। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एक अप्रैल से 31 जुलाई के बीच 5,207 विशेष ट्रेनें चलाई गईं। यानी औसतन 43 विशेष ट्रेनें प्रतिदिन संचालित हुईं।
चालू वित्त वर्ष में 85 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा 16 सुरक्षा अभियान, सात सुरक्षा सेमिनार, नौ सुरक्षा बैठकें, चार संरक्षा ऑडिट और 1,760 संरक्षा निरीक्षण किए गए। पांच अतिरिक्त एचबीडी मशीनें लगाई गई हैं। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल