रेलवे कॉलोनी में स्वच्छता जागरूकता रैली, लोगों को दिया स्वच्छता का संदेश

 




प्रयागराज, 27 सितंबर (हि.स.)। ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026’ के तहत रविवार को सूबेदारगंज स्थित रेलगांव कॉलोनी में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से कॉलोनीवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया गया। उत्तर मध्य रेलवे में यह पखवाड़ा 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक सभी मंडलों, कारखानों, इकाइयों और कार्यालयों में मनाया जा रहा है।

उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देश और प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित रैली का नेतृत्व मुख्य पर्यावरण एवं गृह व्यवस्था प्रबंधक मनीष कुमार तथा राज्य आयुक्त गाइड/एडल्ट रिसोर्स एवं उप वित्त सलाहकार व मुख्य लेखा अधिकारी अनम सिद्दीकी ने किया।

रैली में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बच्चों ने बैनर, पोस्टर, पर्चे और स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कॉलोनीवासियों से घर और आसपास के क्षेत्र में नियमित साफ-सफाई रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों की भागीदारी बढ़ाने के साथ पर्यावरण को स्वच्छ और परिवारों को स्वस्थ रखना है।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा’ के माध्यम से रेलवे परिसर और आवासीय क्षेत्रों में लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर के साथ आसपास के क्षेत्र को भी साफ रखने की आदत विकसित करनी चाहिए।

मुख्यालय पर्यावरण अनुभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, मुख्यालय प्रयागराज की राज्य संगठन आयुक्त/गाइड मंजू जोशी, एचडब्ल्यूबी स्काउट मास्टर प्रियांशु तथा एचडब्ल्यूबी गाइड लीडर्स सारिका सिंह, पूजा शर्मा, पूजा रानी, सोनम और अंकिता शर्मा सहित करीब 30 स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल