छठ पर्व पर प्रयागराज मंडल के छह प्रमुख स्टेशनों पर 166 विशेष ट्रेनों का ठहराव
10 से 12 नवंबर तक 310 टीओडी विशेष ट्रेनों का संचालन, 22 ट्रेनें प्रयागराज मंडल से हुईं रवाना
प्रयागराज, 12 नवंबर (हि.स.)। छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विशेष ट्रेनों के संचालन और यात्री सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल के छह प्रमुख स्टेशनों पर 12 नवंबर को 166 ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) विशेष ट्रेनों का ठहराव दिया गया। वहीं, 10 से 12 नवंबर के बीच इन स्टेशनों पर कुल 475 विशेष ट्रेनों का ठहराव दर्ज किया गया।
प्रयागराज मंडल के प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी और सूबेदारगंज स्टेशनों पर विशेष ट्रेनों को ठहराव दिया जा रहा है। 12 नवंबर को अलीगढ़ जंक्शन पर 21, कानपुर सेंट्रल पर 30, गोविंदपुरी पर 44, प्रयागराज जंक्शन पर 20, प्रयागराज छिवकी पर 27 और सूबेदारगंज स्टेशन पर 24 विशेष ट्रेनों का ठहराव हुआ।
छठ पर्व के दौरान प्रयागराज मंडल से भी विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 10 नवंबर को कुल 94 टीओडी विशेष ट्रेनें चलीं, जिनमें छह प्रयागराज मंडल से शुरू हुईं। 11 नवंबर को 111 विशेष ट्रेनों में आठ मंडल से रवाना हुईं। वहीं, 12 नवंबर को 105 विशेष ट्रेनों का संचालन हुआ, जिनमें आठ प्रयागराज मंडल से प्रारंभ हुईं। इस प्रकार तीन दिनों में कुल 310 टीओडी विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया, जिनमें 22 ट्रेनें प्रयागराज मंडल से शुरू हुईं।
भीड़ नियंत्रण के लिए वार रूम से निगरानी
स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए वार रूम बनाया गया है। इसके माध्यम से विशेष ट्रेनों के संचालन और स्टेशन की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रमुख और संवेदनशील स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं।
टिकट काउंटरों पर यात्रियों की सुविधा के लिए वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। टिकट संबंधी सहायता और यात्रियों के मार्गदर्शन के साथ प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार तथा प्रतीक्षालयों में भीड़ को व्यवस्थित रखने की व्यवस्था की गई है। परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य कर रहे हैं।
उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन और प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव की व्यवस्था की गई है। वार रूम के माध्यम से रेल परिचालन और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। आरपीएफ और जीआरपी के अतिरिक्त जवानों के साथ वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है। रेलवे प्रशासन का प्रयास है कि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जाए तथा नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम हो।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल