प्रयागराज से मुंबई और उधना के लिए तीन अमृत भारत एक्सप्रेस नियमित

 


स्पेशल ट्रेनों का हुआ नियमितीकरण, यात्रियों को मिलेगी आधुनिक सुविधाओं के साथ सीधी और सुविधाजनक रेल सेवा

प्रयागराज, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रयागराज और सूबेदारगंज से मुंबई तथा उधना के लिए चल रही तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों को नियमित कर अमृत भारत एक्सप्रेस के रूप में संचालित करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के नियमित होने से प्रयागराज और आसपास के यात्रियों को मुंबई, गुजरात और मध्य प्रदेश के प्रमुख शहरों तक आने-जाने के लिए सीधी रेल सुविधा मिलेगी। तीनों ट्रेनें साप्ताहिक होंगी।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि इन ट्रेनों के नियमित होने से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी। अमृत भारत एक्सप्रेस में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे प्रयागराज, मुंबई और उधना जैसे प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करने वाले प्रवासियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को विशेष लाभ मिलेगा।

21 अगस्त से प्रयागराज-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 20436/20435 प्रयागराज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस 21 अगस्त से नियमित चलेगी। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार शाम 6:10 बजे रवाना होकर अगले दिन शनिवार दोपहर 3:45 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन प्रत्येक शनिवार शाम 5:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 12:40 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। मार्ग में ट्रेन सतना, जबलपुर, इटारसी, भुसावल और कल्याण सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

24 अगस्त से प्रयागराज-उधना सेवा

गाड़ी संख्या 20437/20438 प्रयागराज-उधना-प्रयागराज अमृत भारत एक्सप्रेस 24 अगस्त से नियमित होगी। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार सुबह 5:20 बजे रवाना होकर मंगलवार सुबह 4:05 बजे उधना पहुंचेगी। वापसी में उधना से प्रत्येक मंगलवार सुबह 6:45 बजे चलकर बुधवार सुबह 7:30 बजे प्रयागराज पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह आगरा, बयाना, हिंडौन सिटी, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, रतलाम और वडोदरा सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

27 अगस्त से सूबेदारगंज-मुंबई अमृत भारत एक्सप्रेस

गाड़ी संख्या 14121/14122 सूबेदारगंज-लोकमान्य तिलक टर्मिनस-सूबेदारगंज अमृत भारत एक्सप्रेस 27 अगस्त से नियमित चलेगी। सूबेदारगंज से यह ट्रेन प्रत्येक गुरुवार दोपहर 12:10 बजे रवाना होकर शुक्रवार रात 8:50 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक शुक्रवार रात 10:55 बजे चलकर रविवार सुबह 7:30 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव फतेहपुर, गोविंदपुरी, भरुआ सुमेरपुर, रागौल, बांदा, चित्रकूट धाम कर्वी, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, इटारसी, खंडवा, भुसावल, नासिक रोड, कल्याण और ठाणे सहित कई स्टेशनों पर होगा।

22 आधुनिक कोच होंगे

उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार तीनों अमृत भारत एक्सप्रेस में 22 आधुनिक कोच होंगे। इनमें दो एलएसएलआर/डी, 11 सामान्य श्रेणी, आठ शयनयान और एक भोजनयान कोच शामिल हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए कोच में बेहतर सीट, चार्जिंग प्वाइंट, बोतल रखने की जगह और स्नैक टेबल जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

रेलवे के अनुसार इन ट्रेनों के नियमित संचालन से प्रयागराज, मुंबई, उधना और मार्ग में आने वाले प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक एवं धार्मिक शहरों के बीच रेल संपर्क और मजबूत होगा। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल