उत्तर मध्य रेलवे के नए अपर महाप्रबंधक बने राजकुमार वानखेड़े, लंबे प्रशासनिक और निर्माण कार्यों का है अनुभव

 


36 वर्षों के अनुभव के साथ संभाली नई जिम्मेदारी, संरक्षा और अधोसंरचना विकास में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

प्रयागराज, 01 अगस्त (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के नए अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया। यह जानकारी उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी। उन्होंने कहा कि वानखेड़े अनुभवी और कुशल रेलवे अधिकारी हैं। रेलवे निर्माण, संरक्षा, अधोसंरचना विकास और प्रशासन के क्षेत्र में उनका व्यापक अनुभव उत्तर मध्य रेलवे के विकास को नई गति देगा।

अमित मालवीय ने बताया कि राजकुमार वानखेड़े वर्ष 1990 बैच के भारतीय रेलवे सिविल इंजीनियरिंग सेवा (आईआरएसई) के अधिकारी हैं। उन्होंने गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, औरंगाबाद से सिविल इंजीनियरिंग में स्नातक तथा आईआईटी मुंबई से स्ट्रक्चर विषय में एम.टेक. की उपाधि प्राप्त की है।

उन्होंने अपने सेवाकाल में पश्चिम रेलवे के रतलाम और वडोदरा मंडल, दक्षिण मध्य रेलवे के नांदेड़ मंडल, पश्चिम रेलवे, मध्य रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के निर्माण संगठनों, राइट्स (RITES) तथा नागपुर मेट्रो सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाई हैं।

जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि वानखेड़े का संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने रेलवे सुरंगों, गहरी कटिंग, बड़े पुलों और नई रेल लाइनों के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। साथ ही राजधानी रेल मार्ग पर गति बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने और रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर प्रबंधन के लिए कई प्रभावी पहल की हैं।

उन्होंने महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में नई रेल लाइन, दोहरीकरण और मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं के तहत कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का सफल नेतृत्व किया है। नागपुर मेट्रो परियोजना के प्रोजेक्ट हेड के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किया।

अमित मालवीय ने कहा कि 36 वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ राजकुमार वानखेड़े ने रेलवे निर्माण, मेट्रो परियोजनाओं, संरक्षा, आपदा प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों में अपनी दक्षता सिद्ध की है। उनके नेतृत्व में उत्तर मध्य रेलवे के विकास और यात्री सुविधाओं को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल