योग से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर, युवाओं को राष्ट्र निर्माण में निभानी चाहिए भूमिका : कमांडर रवि मिश्रा

 




वन यूपी नेवल एनसीसी के अभियान दल ने परवा गांव में चलाया स्वच्छता, योग और नौसेना जागरूकता अभियान

प्रयागराज, 25 अक्टूबर (हि.स.)। योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम करने, शरीर को स्वस्थ रखने और कई बीमारियों के जोखिम को घटाने में मदद मिल सकती है। युवाओं को योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। यह बातें रविवार को वन यूपी नेवल एनसीसी के कमान अधिकारी कमांडर रवि मिश्रा ने परवा गांव में आयोजित योग सत्र के दौरान कहीं। गांव में एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता अभियान, योगाभ्यास, नुक्कड़ नाटक और नौसेना में करियर के अवसरों से संबंधित जागरूकता गतिविधियां आयोजित कीं।

प्रयागराज से वाराणसी के लिए रवाना हुआ वन यूपी नेवल एनसीसी का अभियान दल शनिवार दोपहर परवा गांव पहुंचा। यहां कैडेट्स ने ग्रामीणों और युवाओं से संवाद कर सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया। शनिवार शाम गांव में संध्या फेरी निकाली गई। इसके बाद विद्यालय में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों को प्रेरणादायक फिल्म दिखाई गई। युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम में कैडेट्स ने उनके सवालों के जवाब दिए और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया।

गंगा तट पर श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश

रविवार सुबह कैडेट्स ने प्रभात फेरी निकाली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद गंगा नदी के तट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेट्स ने लोगों से गंगा को स्वच्छ रखने, पर्यावरण संरक्षण करने और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

गंगा तट पर आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षक आचार्य कृष्ण कुमार शर्मा ने कैडेट्स और स्थानीय नागरिकों को विभिन्न योगाभ्यास कराए। वह विभिन्न एनसीसी इकाइयों में भी योग सत्र आयोजित कर चुके हैं। उन्होंने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया।

नौसेना में करियर बनाने के बताए अवसर

अभियान के दौरान ग्रामीण युवाओं को भारतीय नौसेना में शामिल होने के अवसरों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। पेटी ऑफिसर विवेक मिश्रा और पेटी ऑफिसर अशोक कुमार भट्ट ने युवाओं को नौसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लिखित प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी, शारीरिक फिटनेस और अनुशासित दिनचर्या के महत्व के बारे में बताया।

अभियान दल की नौकायन गतिविधि के दौरान कैडेट्स ने व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किए। इससे उनमें टीम भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर मिला।

परवा गांव में कार्यक्रम पूरा करने के बाद अभियान दल रविवार दोपहर बाद हरगढ़ पहुंचा, जहां उसने अगले चरण की गतिविधियां शुरू कीं। अभियान का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, योग को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय नौसेना में करियर के अवसरों की जानकारी देना है।

विंग कमांडर देबार्थो धर, प्रवक्ता एवं जनसंपर्क अधिकारी, रक्षा मंत्रालय, प्रयागराज ने बताया कि वन यूपी नेवल एनसीसी का अभियान युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के साथ भारतीय नौसेना में करियर के अवसरों से परिचित कराने का प्रयास है। ऐसे कार्यक्रमों से कैडेट्स और ग्रामीण युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल