शिक्षा और समानता के लिए महात्मा ज्योतिबा फुले का संघर्ष आज भी प्रेरणास्रोत : डॉ. मान सिंह यादव

 


सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक विरोध के बावजूद बालिका शिक्षा की जगाई अलख, सपा ने पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

प्रयागराज, 28 नवंबर (हि.स.)। महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक भेदभाव, जातिगत ऊंच-नीच, छुआछूत और शोषण के खिलाफ संघर्ष कर शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम बनाया। उन्होंने बालिकाओं और वंचित वर्गों की शिक्षा के लिए विद्यालयों की स्थापना कर सामाजिक क्रांति की नींव रखी। उनके विचार आज भी समानता और सामाजिक न्याय की लड़ाई में प्रासंगिक हैं। यह बातें एमएलसी डॉ. मान सिंह यादव ने कहीं। वह समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय में महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा और विचार गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. मान सिंह यादव ने महात्मा ज्योतिबा फुले की पत्नी सावित्रीबाई फुले के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि सावित्रीबाई ने सामाजिक विरोध, अपमान और तमाम कठिनाइयों के बावजूद बालिका शिक्षा की अलख जगाई। ज्योतिबा फुले के साथ मिलकर उन्होंने महिलाओं को शिक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का रास्ता दिखाया। महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष अनिल यादव और पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अमरनाथ सिंह मौर्य ने कहा कि आज भी समाज में शिक्षा, सामाजिक और आर्थिक असमानता तथा भेदभाव की चुनौतियां मौजूद हैं। ऐसे में महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के विचारों को अपनाने की जरूरत है।

सपा प्रवक्ता दान बहादुर सिंह मधुर ने कहा कि समाजवादी पार्टी महात्मा ज्योतिबा फुले के विचारों पर चलते हुए पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक सहित सभी वंचित वर्गों को सम्मान, अधिकार, शिक्षा और समान अवसर दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इससे पहले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर यमुनापार महासचिव इंजीनियर जगदीश यादव, दिलीप सोनी, योगेश पांडेय, कमला यादव, पद्मा यादव, नाटे चौधरी, मृत्युंजय पांडेय, सचिन श्रीवास्तव, मकबूल हासमी, रूपनाथ यादव, अमित बगई, आरएन यादव, सुरेश कुमार यादव, अनिरुद्ध पाल, शशि भाल, रामसेवक मिश्र, संगीता पटेल, अमित पटेल, राजकुमार यादव और चंचल पासी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल