लाखों दीपों से जगमगाया संगम क्षेत्र, मुख्य न्यायमूर्ति ने मां त्रिवेणी की आरती कर किया दीपदान
देव दीपावली पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई आरती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आतिशबाजी ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
प्रयागराज, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को संगम क्षेत्र में देव दीपावली का पर्व भव्य और दिव्य रूप में मनाया गया। संगम नोज सहित विभिन्न घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली सहित अन्य न्यायमूर्तियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां त्रिवेणी की आरती कर दीपदान किया। दीपों की अद्भुत छटा और भक्ति के माहौल ने संगम क्षेत्र को अलौकिक रूप प्रदान किया।
जिला प्रशासन और प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य न्यायमूर्ति अरुण भंसाली, न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना, न्यायमूर्ति मदन पाल सिंह, ओडी फोर्ड के कमांडेंट, पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल शर्मा और प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मेलाधिकारी ऋषिराज सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मां त्रिवेणी की आरती की। इसके बाद सभी ने दीपदान किया। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया।
देव दीपावली के अवसर पर गंगा आरती के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आतिशबाजी ने भी लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सैंड आर्ट और सेल्फी प्वाइंट बनाए गए थे। दीपों से सजे घाटों को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग पहुंचे।
आयोजन को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। सभी विभागों ने निर्धारित दायित्वों के अनुसार प्रकाश, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी नगर मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी अभिनव पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल