प्रयागराज की आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देगी मां यमुना की नियमित आरती : गणेश केसरवानी
प्रेरणा स्थल पर प्रतिदिन शाम छह बजे होगी मां यमुना की आरती, महापौर ने किया शुभारंभ
प्रयागराज, 01 नवंबर (हि.स.)। प्रयागराज केवल एक शहर नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और आस्था का महान केंद्र है। मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य मां सरस्वती के पावन संगम वाली इस नगरी में मां यमुना की नियमित आरती का शुभारंभ धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने और शहर की आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने रविवार को यमुना बैंक रोड स्थित नगर निगम द्वारा विकसित प्रेरणा स्थल पर मां यमुना की नियमित आरती का शुभारंभ करते हुए कहीं।
महापौर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां यमुना का विधिवत पूजन-अर्चन और आरती की। उन्होंने नगरवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और लोक कल्याण की कामना की। उन्होंने बताया कि प्रेरणा स्थल पर अब प्रतिदिन शाम छह बजे मां यमुना की आरती नियमित रूप से आयोजित की जाएगी।
महापौर ने कहा कि मां यमुना हमारी सनातन परंपरा, संस्कृति और श्रद्धा का अभिन्न अंग हैं। नगर निगम का प्रयास है कि प्रयागराज के धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों का विकास कर उन्हें श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाया जाए। प्रेरणा स्थल का विकास भी इसी सोच का परिणाम है। यहां नियमित आरती शुरू होने से इस स्थल को नई धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान मिलेगी। साथ ही शहरवासियों को प्रतिदिन मां यमुना की आराधना से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने प्रयागराज के श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमी नागरिकों से प्रतिदिन होने वाली आरती में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। महापौर ने कहा कि मां यमुना के प्रति हमारी श्रद्धा केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनकी स्वच्छता, निर्मलता और अविरलता बनाए रखना भी हम सभी का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। नदियों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। नगर निगम स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज के संकल्प के साथ काम कर रहा है, जिसमें जनसहभागिता बेहद जरूरी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मां यमुना की नियमित आरती से प्रयागराज की गौरवशाली धार्मिक परंपरा को नई ऊर्जा मिलेगी और प्रेरणा स्थल श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक अनुभूति के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होगा।
इस अवसर पर पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, किरन जायसवाल, राजू पाठक, टीएन दीक्षित, अमर सिंह, शिवम वैद्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल