स्वच्छता कर्मी स्वच्छ भारत के निर्माता : महापौर

 




श्रम को मिला सम्मान, दधिकांदो मेले में सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मियों का हुआ अभिनंदन

प्रयागराज, 08 अक्टूबर (हि.स.)। “स्वच्छता कर्मी वास्तव में स्वच्छ भारत के निर्माता हैं। हम गंदगी फैलाते हैं और यही कर्मी उसे साफ कर हमारे गली-मोहल्लों और सड़कों को स्वच्छ बनाते हैं। स्वस्थ जीवन और स्वच्छ वातावरण के लिए इनके श्रम का सम्मान करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।” यह बातें गुरुवार को महापौर गणेश केसरवानी ने दधिकांदो मेले में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले नगर निगम के अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों के सम्मान समारोह में कहीं।

प्राचीन दधिकांदो मेला कमेटी कृष्णानगर, त्रिवेणी मार्ग, कीडगंज की ओर से कीडगंज परेड मैदान में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कमेटी के संरक्षक एवं महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम के अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

महापौर ने कहा कि किसी भी त्योहार और पर्व की सफलता में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। श्रद्धालु और आम नागरिक उत्सव मनाते हैं, जबकि स्वच्छता कर्मी पूरे समय सफाई व्यवस्था को बनाए रखने में जुटे रहते हैं। उनके परिश्रम से ही मेले और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण बना रहता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कर्मियों के योगदान को केवल सफाई तक सीमित करके नहीं देखा जाना चाहिए, बल्कि वे स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

समारोह में स्वच्छता कर्मियों के साथ दधिकांदो मेला कमेटी के पदाधिकारियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन राजेश केसरवानी एवं सुभाष वैश्य ने किया।

इस अवसर पर पंडित बटुक जी महाराज, भाजपा नेता नीरज त्रिपाठी, पार्षद किरन जायसवाल, रुद्रसेन जायसवाल, मुकेश कसेरा, बब्बन प्रजापति, पदुम जायसवाल, मनीष केसरवानी, अजय जायसवाल, कृष्णा साहू, रमन गुप्ता, खन्ने, अनुपमा पांडेय, आशीष केसरवानी, पप्पू कटरा, विवेक अग्रवाल, प्रमोद मोदी सहित कमेटी के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल