प्रयागराज : जलभराव पर महापौर सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार
प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर तत्काल पानी निकालने और स्थायी समाधान की कार्ययोजना बनाने के निर्देश
प्रयागराज, 20 अगस्त (हि.स.)। भारी बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में हुए जलभराव को लेकर महापौर गणेश केसरवानी ने गुरुवार को नगर निगम जोन-05 के विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने नैनी चक रघुनाथ वार्ड, स्टेशन रोड, जहांगीराबाद, खरकौनी और लोकपुर मार्ग सहित जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। जल निकासी की व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और तत्काल पानी निकालने के सख्त निर्देश दिए।
महापौर ने अधिकारियों से कहा कि भारी बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर पानी की निकासी कराई जाए। उन्होंने मौके पर नालियों और नालों की सफाई, पंपिंग व्यवस्था तथा जल निकासी के लिए उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली।
उन्होंने निर्देश दिया कि जहां भी पानी भरा है, वहां तत्काल आवश्यक मशीनरी और पंप लगाकर जल निकासी कराई जाए। साथ ही अधिकारियों को जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ऐसे स्थानों को चिह्नित करने और कार्ययोजना तैयार करने को कहा, जहां हर वर्ष बारिश के दौरान पानी भरने की समस्या सामने आती है।
महापौर ने नालियों और नालों की नियमित सफाई, सीवर तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने और जल निकासी मार्गों में किसी प्रकार की बाधा न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के बाद जलभराव वाले क्षेत्रों में गंदगी और जलजनित समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रभावित इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।
गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जल निकासी, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में निगरानी रखने और जलभराव की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने को कहा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और बारिश के दौरान उन्हें जलभराव से राहत दिलाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें और जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखें।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जोनल अधिकारी, पार्षद राकेश जायसवाल, रणविजय सिंह डब्बू, मयंक यादव, अनूप पासी, पवन यादव, बालराज पटेल, संजय श्रीवास्तव नरसिंह, प्रदीप तिवारी, राजन शुक्ला, रवि मिश्रा, नरेंद्र कुशवाहा, नितिन केसरवानी (बब्लू), शेखर प्रजापति सहित अधिशासी अभियंता, अधिशासी अभियंता जलकल, अवर अभियंता जनकार्य और नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल