छठ महापर्व पर स्वच्छता मित्रों की सेवा और समर्पण को महापौर ने सराहा, किया सम्मानित
बोले- स्वच्छता मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत कड़ी, उनके परिश्रम से साकार हो रहा स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज का संकल्प
प्रयागराज, 16 नवंबर (हि.स.)। छठ महापर्व पर जब पूरा शहर आस्था और उत्सव में डूबा रहता है, उस समय स्वच्छता मित्र पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ नगर की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहते हैं। स्वच्छता मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। उनके अथक परिश्रम और सेवा भावना से ही स्वच्छ एवं सुंदर प्रयागराज का संकल्प लगातार मजबूत हो रहा है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को छठ महापर्व के अवसर पर कहीं।
इससे पहले महापौर ने भगवान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने नगरवासियों के सुख, शांति, आरोग्यता और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने छठ घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखने में जुटे नगर निगम के स्वच्छता मित्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
महापौर ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम पर्व है। यह हमें श्रद्धा, समर्पण, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश देता है। भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना से जनमानस में सकारात्मक ऊर्जा और सेवा भाव का संचार होता है।
उन्होंने स्वच्छता मित्रों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों और विशेष पर्वों पर जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना में व्यस्त रहते हैं, तब सफाईकर्मी पूरी निष्ठा से शहर को स्वच्छ रखने में लगे रहते हैं। उनके योगदान से ही पर्वों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था सुचारु बनी रहती है। महापौर ने सभी स्वच्छता मित्रों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उनका सम्मान समाज में स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करेगा।
इस दौरान पार्षद रुद्र सेन जायसवाल, बब्बन प्रजापति, मुकेश कसेरा, जगमोहन गुप्ता, अमर सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा और सफाई नायक दिलीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल