वार्डों में बुनियादी सुविधाओं का विकास नगर निगम की प्राथमिकता : गणेश केसरवानी
नैनी के चक भटाई में 28 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनीं तीन सड़कें और नालियां जनता को समर्पित
प्रयागराज, 11 अक्टूबर (हि.स.)। शहर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्य कराकर नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने रविवार को नैनी के वार्ड संख्या 81 चक भटाई में तीन सड़क एवं नाली निर्माण कार्यों का लोकार्पण करते हुए कही। इन कार्यों पर 28 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई है।
महापौर ने स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति में नवनिर्मित सड़कों और नालियों को जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से नारियल फुड़वाकर लोकार्पण कराया। क्षेत्रीय पार्षद मयंक यादव सहित स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्यों पर प्रसन्नता व्यक्त की।
तीन स्थानों पर हुआ निर्माण कार्य
नगर निगम के जोन-5 नैनी के अंतर्गत वार्ड संख्या 81 में तीन स्थानों पर सड़क और नाली का निर्माण कराया गया है। पहला कार्य पूरा फतेह मोहम्मद मोहल्ले में सुनीता पांडेय के घर से राजकुमार सेठ के घर होते हुए अजीत दुबे के घर तक गली और नाली निर्माण का है।
दूसरा कार्य लेबर कॉलोनी क्षेत्र में विनोद यादव के घर से उमेश कुशवाहा के घर होते हुए पत्रकार विनय मिश्रा के घर तक सड़क और नाली निर्माण का है। तीसरा कार्य चक भटाई में चिंतामणि पांडेय के घर से दिलीप तिवारी के घर तक गली और नाली बनाने का है।
इन निर्माण कार्यों से मोहल्लों की आंतरिक गलियों में आवागमन सुगम होगा। साथ ही, नालियों के निर्माण से जल निकासी की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और स्थानीय लोगों को दैनिक आवागमन में सुविधा होगी।
स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास पर जोर
महापौर ने विकास कार्यों को जनता को समर्पित करते हुए जनभागीदारी को भी महत्व दिया। सड़क और नाली जैसी मूलभूत सुविधाएं बेहतर होने से नागरिकों को राहत मिलती है और मोहल्लों की आधारभूत संरचना मजबूत होती है। नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
ये लोग रहे उपस्थित
लोकार्पण कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद मयंक यादव, स्वयं प्रकाश उपाध्याय, ओम प्रकाश मिश्रा, अजीत दुबे, अमित बनर्जी, रवि गिरी, राजकुमार वर्मा, गौतम यादव, लालजी कुशवाहा, हवलदार सरोज, राज सिंह, आलोक सिंह, संजय श्रीवास्तव, वीरेंद्र प्रताप सिंह, केके शुक्ला और पंडित दामोदर तिवारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल