दशहरा से पहले सीएम ग्रिड के सभी जरूरी कार्य हर हाल में कराएं पूरे : गणेश केसरवानी
महापौर ने अतरसुइया में दशहरा मार्गों का किया निरीक्षण, सफाई, प्रकाश, जल निकासी और सीवर व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
प्रयागराज, 01 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए दशहरा से पहले सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सभी जरूरी कार्य हर हाल में पूरे कराए जाएं। साथ ही साफ-सफाई, प्रकाश, सीवर, जल निकासी, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पूरी तरह दुरुस्त रखी जाए। यह निर्देश गुरुवार को अतरसुइया क्षेत्र में श्री महंत बाबा हाथी राम पजावा रामलीला कमेटी के दशहरा मार्गों के निरीक्षण के दौरान महापौर गणेश केसरवानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया।
महापौर ने नगर निगम अधिकारियों और पार्षदों के साथ दशहरा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर पर्व की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अतरसुइया क्षेत्र में सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण और अन्य कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्व से पहले सड़क और मार्गों से संबंधित सभी जरूरी कार्य पूरे कर लिए जाएं। जहां निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां आम नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित व्यवस्था की जाए, ताकि आवागमन में परेशानी न हो।
सफाई और जल निकासी पर विशेष जोर
महापौर ने दशहरा मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़ा और मलबा तत्काल हटाने के निर्देश दिए। नालियों और सीवर की सफाई कराने के साथ जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने सीवर लाइन और सीवर ढक्कनों का भी निरीक्षण किया तथा क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और टूटे ढक्कनों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए।
प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और जरूरत वाले स्थानों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। मार्गों पर लटके तारों को भी व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए गए।
पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के लिए कीटनाशक और एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के साथ स्वच्छ पेयजल और आवश्यक स्थानों पर शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए। पर्व से पहले दशहरा मार्गों का दोबारा निरीक्षण कर शेष कार्यों और कमियों को चिन्हित कर तत्काल दूर कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान गिरी शंकर प्रभाकर, राम जी केसरवानी, नीरज टंडन, गिरिजेश मिश्र, विष्णु त्रिपाठी, शादमान, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, महाप्रबंधक जलकल संजीव कुमार, अवर अभियंता राम सक्सेना, मुख्य अभियंता विद्युत संजय कटियार, मुख्य अभियंता जनकार्य दिनेश चंद्र सचान सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल