दधिकांदो मेले से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : गणेश केसरवानी
महापौर ने कीडगंज में मेला मार्ग का किया निरीक्षण, सफाई, प्रकाश, पेयजल और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था के दिए निर्देश
प्रयागराज, 23 सितंबर (हि.स.)। नगर के कीडगंज में 25 और 26 सितंबर को होने वाले दधिकांदो मेले से पहले मेला मार्ग की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त करने के लिए बुधवार को महापौर गणेश केसरवानी ने निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मेला मार्ग पर सफाई, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, सीवर और सड़क से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो।
बुधवार को महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने कीडगंज दधिकांदो मेले के दृष्टिगत मेला मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, सफाई निरीक्षक अर्चना विश्वकर्मा, पार्षद मुकेश लारा और कीडगंज दधिकांदो कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
महापौर ने दधिकांदो मेले के दोनों मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकांश व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं। बीच वाली सड़क और दधिकांदो मेला मैदान के गेट पर पैचवर्क का काम बाकी मिला। क्षेत्रीय अवर अभियंता ने बताया कि दोनों स्थानों पर पैचवर्क का काम बुधवार रात तक पूरा कर लिया जाएगा।
मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने महापौर को मार्ग पर कई स्थानों पर पड़े मलबे को हटाने, मेला मार्ग से जुड़ी गलियों की समुचित सफाई, मार्ग प्रकाश की व्यवस्था और कुछ स्थानों पर पूर्व की तरह अस्थायी प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की। इसके अलावा अस्थायी शौचालय और पेयजल के टैंकर उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया।
महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले से पहले यात्रा मार्ग पर लटक रहे तारों को ऊंचा कराया जाए। मार्गों की सफाई के साथ मलबा और कूड़ा हटाया जाए। कीटनाशक का छिड़काव, सीवर के लीकेज की मरम्मत और टूटे सीवर ढक्कनों को बदलने का काम भी कराया जाए।
उन्होंने चोक सीवर और नालियों की सफाई, खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को बदलने तथा जरूरत वाले स्थानों पर अस्थायी और स्थायी प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने, अस्थायी शौचालय और पेयजल की व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि दधिकांदो मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में नगर निगम से संबंधित सभी व्यवस्थाएं पहले से पूरी रहनी चाहिए, जिससे मेला मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल