स्वच्छता हर नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी, जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ प्रयागराज : गणेश केसरवानी

 


स्वच्छता ही सेवा अभियान में करीब 300 लोगों ने किया श्रमदान, लिया स्वच्छता का संकल्प

प्रयागराज, 17 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ जनभागीदारी भी जरूरी है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने गुरुवार को अरैल घाट, नैनी स्थित सेल्फी प्वाइंट पर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के शुभारंभ के अवसर पर कहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर नगर निगम प्रयागराज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में महापौर की अध्यक्षता में स्वच्छता रैली, वृहद श्रमदान और स्वच्छता शपथ का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों, सफाई मित्रों, स्थानीय नागरिकों और आईईसी टीम समेत करीब 300 लोगों ने सहभागिता की।

महापौर ने कहा कि नागरिक कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। उन्होंने लोगों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ ली और अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अरैल घाट परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई की। स्वच्छता रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर पार्षद रणविजय सिंह, बाल राज पटेल, संजय पासवान, अनूप पासी, मयंक यादव, मंचू सिंह, दीप चंद्र, दिलीप जायसवाल, राकेश जायसवाल, नीरज टंडन, श्याम चंद्र हेला, भोला तिवारी, प्रदीप महरा, ऋषि निषाद, प्रेम शंकर, परविंदर सिंह और मुकेश लारा समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और जोनल अधिकारी अखिलेश मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल