शहीदों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता, उनका बलिदान सदैव देता रहेगा प्रेरणा : गणेश केसरवानी
झूंसी पुलिस चौकी चौराहे का हुआ ‘शहीद नायक मनीष पाण्डेय चौक’ नामकरण, महापौर ने किया प्रतिमा का अनावरण
प्रयागराज, 06 सितंबर (हि.स.)। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। शहीद नायक मनीष पाण्डेय जैसे वीर सपूतों का जीवन, साहस और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके त्याग को सम्मान देना समाज और शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने रविवार को झूंसी पुलिस चौकी चौराहे के ‘शहीद नायक मनीष पाण्डेय चौक’ के रूप में नामकरण और शहीद की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर कहीं।
उन्होंने कहा कि चौक का नामकरण और शहीद की प्रतिमा की स्थापना महज स्मारक निर्माण नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। इस मार्ग से गुजरने वाला प्रत्येक व्यक्ति शहीद मनीष पाण्डेय के बलिदान को याद कर उनसे प्रेरणा लेगा। महापौर ने कहा कि प्रयागराज की धरती ने हमेशा देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का सम्मान किया है। नगर निगम शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करने और उनके बलिदान की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। शहीद की प्रतिमा स्थापित कर उनके नाम पर चौक का नामकरण करना उनके परिवार के साथ पूरे प्रयागराज के लिए गौरव का विषय है।
महापौर गणेश केसरवानी एवं फूलपुर विधायक दीपक पटेल ने शहीद नायक मनीष पाण्डेय की प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
देश सेवा में 9 फरवरी 2022 को हुए थे बलिदान
शहीद नायक मनीष पाण्डेय भारतीय थल सेना में जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में तैनात थे। देश की सुरक्षा और मां भारती की सेवा करते हुए 9 फरवरी 2022 को उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए नगर निगम प्रयागराज की ओर से झूंसी पुलिस चौकी चौराहे पर उनकी प्रतिमा स्थापित कराई गई है।
नगर निगम ने प्रतिमा के लिए पैडेस्टल का निर्माण कराने के साथ ही स्थल का सौंदर्यीकरण भी कराया है। प्रतिमा के अनावरण और चौक के नामकरण के बाद यह स्थल अब शहीद के शौर्य और बलिदान की स्मृति का प्रतीक बन गया है।
शहीद के परिजनों ने प्रतिमा पर अर्पित किए पुष्प
प्रतिमा अनावरण के दौरान शहीद नायक मनीष पाण्डेय के परिजन भावुक नजर आए। उन्होंने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शहीद को नमन किया। जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और क्षेत्रवासियों ने भी श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में कहा कि वीर शहीदों का शरीर भले ही हमारे बीच न रहे, लेकिन उनका साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा जीवित रहता है। ‘शहीद नायक मनीष पाण्डेय चौक’ उनकी वीरता और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान की अमर स्मृति के रूप में लोगों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में फूलपुर विधायक दीपक पटेल, पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह, पूर्व शिक्षक विधायक सुरेश त्रिपाठी, क्षेत्रीय पार्षद अनिल यादव ‘घुन्नू’, आनंद घड़ियाल, शहीद के परिजन नरेंद्र कुमार पाण्डेय, देवेंद्र कुमार पाण्डेय, महेंद्र कुमार पाण्डेय, अनिल कुमार पाण्डेय, राजेश कुमार पाण्डेय, धर्मेंद्र त्रिपाठी, प्रधान जमुनीपुर, रोहित निषाद, स्वामी प्रकाश मिश्र, रमेश मिश्रा, पूर्व प्रचारक राम प्रकाश पाण्डेय, सुरेंद्र त्रिपाठी, आनंद मिश्रा सहित अनेक नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल