वर्षों पुरानी जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान : गणेश केसरवानी
यमुना बैंक रोड गेट नंबर-9 पर स्थायी बाढ़ पंपिंग स्टेशन का शिलान्यास, छह माह में पूरा होगा निर्माण
प्रयागराज, 31 अगस्त (हि.स.)। यमुना बैंक रोड स्थित गेट नंबर-9 क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का अब स्थायी समाधान किया जाएगा। नगर निगम जलभराव वाले क्षेत्रों की जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। गेट नंबर-9 पर बनने वाला स्थायी बाढ़ पंपिंग स्टेशन क्षेत्रवासियों को बरसात और बाढ़ के दौरान जलभराव से स्थायी राहत दिलाने में महत्वपूर्ण साबित होगा। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को वार्ड 94 चौखंडी में नए स्थायी बाढ़ पंपिंग स्टेशन के निर्माण कार्य का शिलान्यास करते हुए कही।
महापौर ने बताया कि जलकल विभाग, नगर निगम प्रयागराज की ओर से 15वें वित्त आयोग के तहत इस पंपिंग स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य लगभग छह माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यमुना बैंक रोड स्थित गेट नंबर-9 क्षेत्र में लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। बरसात और बाढ़ के दौरान यहां पानी भरने से क्षेत्रवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थायी पंपिंग स्टेशन बनने के बाद यहां जल निकासी की व्यवस्था अधिक प्रभावी हो जाएगी।
तीन मोहल्लों को मिलेगा सीधा लाभ
महापौर ने कहा कि नए पंपिंग स्टेशन से पूरावल्दी, चौखंडी और नई बस्ती मोहल्लों की जल निकासी व्यवस्था को विशेष लाभ मिलेगा। इससे इन क्षेत्रों में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम ने शहर के प्रमुख जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां जल निकासी और बाढ़ नियंत्रण की व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान चलाया है। गेट नंबर-9 पर बनने वाला यह पंपिंग स्टेशन इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महापौर ने निर्माण कार्य के लिए क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नगरवासियों को जलभराव से स्थायी राहत दिलाना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद रुद्रसेन जायसवाल, किरन जायसवाल, मुकेश लारा, गिरी शंकर प्रभाकर गिरी बाबा, चंद्रशेखर मिश्रा, प्रमोद जायसवाल मोदी, राजेश केसरवानी, टीएन दीक्षित, महाप्रबंधक जलकल, मनोज मिश्रा, दिनेश विश्वकर्मा, दिलीप केसरवानी, राजेश पांडेय, दिनेश पांडेय, नरेंद्र जायसवाल, ब्यूटी श्रीवास्तव, क्षमा दुबे, सत्येंद्र तिवारी, अजय अग्रहरि, पवन पांडेय, प्रदीप अरोड़ा, अंकुश शर्मा, शुभम वैद्य, मीनू पांडेय, बाबू मिश्रा, रामनाथ वैद्य और संजय केसरवानी सहित जलकल विभाग के अधिकारी और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल