श्री स्वामीनारायण मंदिर की ढही इमारत, आसपास के भवनाें की होगी तकनीकी जांच

 


महापौर गणेश केसरवानी ने किया स्थलीय निरीक्षण, एमएनआईटी और ट्रिपलआईटी के विशेषज्ञों से जांच कराने के दिए निर्देश

प्रयागराज, 30 अगस्त (हि.स.)। केपी कॉलेज के सामने स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर की इमारत ढहने की घटना के बाद आसपास की इमारतों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम गंभीर हो गया है। रविवार को महापौर गणेश केसरवानी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि भवन गिरने के दौरान आसपास की कई इमारतों में तेज कंपन महसूस हुआ था। इसे गंभीरता से लेते हुए महापौर ने जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर एमएनआईटी और ट्रिपलआईटी के विशेषज्ञों से आसपास की इमारतों की तकनीकी एवं संरचनात्मक जांच कराने के निर्देश दिए।

महापौर ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और स्थानीय लोगों तथा संबंधित नागरिकों से घटना के बारे में जानकारी ली। क्षेत्रीय पार्षद आशीष द्विवेदी और स्थानीय नागरिकों ने उन्हें बताया कि मंदिर की इमारत धराशायी होने के समय आसपास के भवनों में जोरदार कंपन महसूस हुआ था। इसके बाद लोगों ने आसपास की इमारतों की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।

महापौर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इसी क्रम में उन्होंने जिलाधिकारी से बात कर विशेषज्ञ तकनीकी टीम से आसपास की इमारतों की जांच कराने को कहा। जांच के माध्यम से यह पता लगाया जाएगा कि मंदिर भवन गिरने से आसपास के भवनों की संरचना पर कोई प्रतिकूल प्रभाव तो नहीं पड़ा है।

उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि भवन गिरने के कारणों की जानकारी प्राप्त करने के साथ ही आसपास की इमारतों की मजबूती और संरचनात्मक सुरक्षा का परीक्षण भी जरूरी है। तकनीकी जांच में यदि किसी भवन में कमी या खतरे की आशंका सामने आती है तो उसे दूर करने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद आशीष द्विवेदी, कमलेश, अतुल मल्होत्रा, अंकुर गोयल, विनीत, राम गोपाल शुक्ला, विवेक मिश्रा, दिव्यांशु शुक्ला, कानूनगो मनोज त्रिपाठी, लेखपाल प्रियंका पालीवाल, राकेश श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल