लोकसेवा, सुशासन और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की मिसाल हैं अहिल्याबाई होलकर : गणेश केसरवानी

 


पुण्यतिथि पर दारागंज में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर को अर्पित किए श्रद्धासुमन

प्रयागराज, 13 अगस्त (हि.स.)। लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होलकर का जीवन लोकसेवा, सुशासन, न्याय और भारतीय संस्कृति के संरक्षण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने अपना पूरा जीवन जनकल्याण और समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। कठिन परिस्थितियों में भी धैर्य और साहस के साथ शासन चलाते हुए उन्होंने समाज के हर वर्ग के हित में कार्य किया। यह बातें गुरुवार को महापौर गणेश केसरवानी ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर दारागंज स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कहीं।

महापौर ने कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों के साथ लोकमाता अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की महान शासिकाओं में शामिल हैं। उनका जीवन त्याग, तपस्या, करुणा, कुशल प्रशासन और राष्ट्रहित की भावना का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि अपने शासनकाल में अहिल्याबाई होलकर ने आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता दी और अनेक जनोपयोगी कार्य कराए। देश के विभिन्न तीर्थस्थलों पर मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं, कुओं और अन्य सुविधाओं का निर्माण तथा जीर्णोद्धार कराकर उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

महापौर ने कहा कि लोकमाता का जीवन यह संदेश देता है कि किसी भी पद और जिम्मेदारी का सर्वोच्च उद्देश्य समाज की सेवा और जनकल्याण होना चाहिए। उनकी दूरदृष्टि, प्रशासनिक क्षमता और जनकल्याण की भावना आज भी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज की पावन धरती पर लोकमाता की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित करना गौरव का विषय है। उनकी स्मृति को नमन करते हुए सभी को उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर लोकमाता के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर राजेश निषाद, अनुपमा पाण्डेय, तीर्थराज पाण्डेय, मुकेश कसेरा, सोनू निषाद, अशोक तिवारी, मुकेश शुक्ला, कृष्ण कुमार पाठक, गोल्डी दुबे, राजू महापात्र, भरत निषाद, सुभाष चंद्र वैश्य, राजेश पाठक, यश विक्रम त्रिपाठी, भोला तिवारी, रॉबिन साहू, दीननाथ कुशवाहा, पिंटू कुशवाहा और अमर सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल