महापौर गणेश केसरवानी ने खुद संभाली झाडू, बोले- स्वच्छता हर नागरिक का दायित्व

 


जन-जागरण स्वच्छता अभियान के तहत जॉर्ज टाउन में हुआ महाश्रमदान, लोगों को दिलाया स्वच्छता का संकल्प

प्रयागराज, 12 जून (हि.स.)। स्वच्छ प्रयागराज के संकल्प को साकार करने के लिए शुक्रवार काे नगर निगम प्रयागराज द्वारा जन-जागरण स्वच्छता अभियान के अंतर्गत जॉर्ज टाउन वार्ड-65 स्थित प्रीति नर्सिंग होम के सामने वाली गली में व्यापक सफाई महाश्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व महापौर गणेश केसरवानी ने किया। इस दौरान महापौर स्वयं झाड़ू लेकर सफाई अभियान में शामिल हुए और नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग अपने घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो प्रयागराज को देश के सबसे स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को आदत बनाने और इसे जन-आंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।

महाश्रमदान अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। साथ ही लोगों को कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा नगर निगम के स्वच्छता नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

महापौर गणेश केसरवानी ने कहा किस्वच्छता किसी एक विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और सुंदर प्रयागराज बनाने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है। जब प्रत्येक नागरिक स्वच्छता को अपनी आदत और संस्कार बनाएगा, तभी हमारा शहर स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद आशीष द्विवेदी, गिरजेश मिश्रा, हिमालय सोनकर, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने और स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रयागराज को बेहतर स्थान दिलाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल