राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्श आज भी जनसेवा और सुशासन की दे रहें प्रेरणा : गणेश केसरवानी
301वीं जयंती पर दारागंज में भव्य आयोजन, महापौर ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
प्रयागराज, 31 मई (हि.स.)। राजमाता का संपूर्ण जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा। यह बातें रविवार को पुण्यश्लोका राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर रविवार को दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट के निकट अहिल्याबाई होल्कर मूर्ति स्थल पार्क में भव्य श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए प्रयागराज महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने की आवश्यकता है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय संस्कृति, जनसेवा, सुशासन और लोककल्याण की जीवंत प्रतीक थीं। उनका जीवन आज भी जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। महापौर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में धर्म, समाज और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने देशभर में मंदिरों, घाटों और धार्मिक स्थलों का निर्माण एवं पुनरुद्धार कर सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित किया। साथ ही प्रशासन को जनसेवा का माध्यम बनाकर आदर्श शासन व्यवस्था की मिसाल पेश की।
पुण्यश्लोका राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर रविवार को दारागंज स्थित दशाश्वमेध घाट के निकट अहिल्याबाई होल्कर मूर्ति स्थल पार्क में भव्य श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। शेफर्ड इंडिया इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भी राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने महिला नेतृत्व, सामाजिक समरसता और लोककल्याण की ऐसी मिसाल स्थापित की, जो सदियों बाद भी प्रासंगिक बनी हुई है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री पूजा पाल, राज कुमार पाल, वीरेंद्र पाल, अरुण पाल, दया राम पाल, जगन्नाथ पाल, राम बाबू पाल, सुभाष चंद्र वैश्य, राजेश पाठक, यशविक्रम त्रिपाठी, हरिकेश बहादुर सिंह, प्रमोद त्रिपाठी ‘अन्नू’, दीना निषाद सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा समाज सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल