प्रयागराज को बनाएंगे स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर : गणेश केसरवानी

 


तीन साल बेमिसाल: विकास कार्यों से संतुष्ट प्रबुद्ध जनों ने किया महापौर का भव्य अभिनंदन

प्रयागराज, 30 मई (हि.स.)। जनता का विश्वास और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। नगर निगम प्रयागराज निरंतर जनसेवा और विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। यह बातें शनिवार को महापौर गणेश केसरवानी ने नगर निगम सभागार में आयोजित 3 साल बेमिसाल कार्यक्रम में कहीं।

कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्ध जनों ने नगर निगम द्वारा तीन वर्षों में कराए गए विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए महापौर का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम में उपस्थित बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बीते तीन वर्षों में प्रयागराज की सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, नाला सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा स्वच्छता के क्षेत्र में हुए कार्यों से आमजन को राहत मिली है और शहर अधिक व्यवस्थित एवं स्वच्छ हुआ है।

प्रबुद्ध जनों ने महापौर गणेश केसरवानी को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा नगर निगम की जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सक्रियता, पारदर्शिता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता के कारण शहर में सकारात्मक परिवर्तन स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

महापौर गणेश केसरवानी ने सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रयागराज के समग्र विकास के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में भी विकास परियोजनाओं को और गति दी जाएगी तथा नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं आपसी संवाद के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने प्रयागराज को और अधिक विकसित, स्वच्छ एवं आदर्श शहर बनाने के संकल्प को दोहराया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल