प्रयागराज को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने में योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक : गणेश केसरवानी

 


वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर महापौर गणेश केसरवानी की रणनीतिक बैठक, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

प्रयागराज, 01 अप्रैल (हि.स.)। प्रयागराज को आधुनिक, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उक्त बातें बुधवार को नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2026-27 को लेकर रणनीतिक बैठक में प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी ने कही।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी प्राथमिकताओं को चिन्हित कर ठोस और व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करें, जिससे विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।

इस दौरान शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था, सीवर एवं नाली निर्माण, सड़कों के सुदृढ़ीकरण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, कर संग्रह प्रणाली में सुधार और स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन मंथन किया गया। महापौर ने निर्देश दिए कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास सुनिश्चित किया जाए। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा, “नगर निगम का लक्ष्य है कि हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलें और प्रयागराज को देश के अग्रणी स्मार्ट शहरों में शामिल किया जाए। इसके लिए पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नगर निगम के आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को लेकर महापौर गणेश केसरवानी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में अपर नगर आयुक्त दीपेंद्र यादव, महाप्रबंधक जलकर कुमार गौरव, मुख्य अभियंता (जनकार्य) दिनेश चंद्र सचान, मुख्य अभियंता (विद्युत) संजय कटियार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी संजय ममगई, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार और अनिल मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना को अंतिम रूप देकर शीघ्र ही विभिन्न परियोजनाओं का क्रियान्वयन शुरू किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल