दस भुजा धारण कर मां कल्याणी ने चंद्रघंटा स्वरूप में दिए दर्शन, भक्तों ने चढ़ाई चुनरी-नारियल
प्रयागराज, 21 मार्च (हि.स.)। मां कल्याणी देवी मंदिर धाम में चल रहे नवरात्र महोत्सव के तृतीय दिवस पर शनिवार को मां के चंद्रघंटा स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मां ने दस भुजाओं वाला दिव्य स्वरूप धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
नवरात्र के तृतीय दिवस प्रातः काल पांच बजे महामंत्री श्याम जी पाठक द्वारा मां कल्याणी देवी की मंगला आरती कर माता चंद्रघंटा का आह्वान किया गया। इसके बाद अपराह्न एक बजे तक श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। शाम छह बजे से रात 12 बजे तक दूर-दूर से आए भक्त दस भुजाधारी माता चंद्रघंटा का भव्य श्रृंगार दर्शन करेंगे। चुनरी व नारियल अर्पित कर मां का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
शाम शात बजे मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित सुशील कुमार पाठक ने माता चंद्रघंटा की महाआरती करेंगे तथा रात 12 बजे शयन आरती करेंगे। मंदिर परिसर में चल रहे शतचंडी महायज्ञ में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूजन-हवन किया। यज्ञशाला की परिक्रमा की। इस दौरान महिलाओं ने मां को प्रसन्न करने के लिए भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए।
मंदिर समिति ने बताया कि नवरात्र के चतुर्थ दिवस रविवार को मां कल्याणी देवी का माता कुष्मांडा स्वरूप में श्रृंगार दर्शन कराया जाएगा। मां का श्रृंगार सोने-चांदी के आभूषणों तथा बेला और गुलाब के पुष्पों से किया जाएगा। गर्भगृह को फूलों और फलों से सजाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल