मां कल्याणी देवी के दरबार में रविवार से गूंजेंगे जयकारे, शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ
फूलों, फलों और सब्जियों से सजेगा मंदिर, प्रतिदिन नवदुर्गा के दिव्य स्वरूप में दर्शन देंगी मां कल्याणी देवी
प्रयागराज, 10 अक्टूबर (हि.स.)। शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में रविवार, 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र महोत्सव का भव्य शुभारंभ होगा। दस दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में मां कल्याणी देवी का दरबार भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आएगा। मंदिर को फूलों, फलों और सब्जियों से आकर्षक रूप में सजाया जाएगा। प्रतिदिन मां के नवदुर्गा स्वरूप के दर्शन शाम छह बजे से रात 12 बजे तक भक्तों को प्राप्त होंगे। मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन और शतचंडी महायज्ञ के बीच श्रद्धालु मां के जयकारे लगाकर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना करेंगे।
मंदिर में नवरात्र के पहले दिन मां का शैलपुत्री स्वरूप में शृंगार किया जाएगा। प्रतिदिन प्रातः 5:15 बजे पंडित श्यामजी पाठक के सानिध्य में मां की मंगला आरती होगी। इसके बाद दर्शन और भजन-कीर्तन का क्रम दोपहर एक बजे तक चलेगा। तत्पश्चात मां का महाभिषेक और षोडशोपचार पूजन किया जाएगा। विधि-विधान से पूजन के बाद मां का भव्य शृंगार होगा, जिसके दर्शन श्रद्धालु रात 12 बजे तक कर सकेंगे।
मां की महाआरती शाम सात बजे और शयन आरती रात एक बजे पंडित सुशील कुमार पाठक द्वारा की जाएगी। आरती के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहेगा।
नवरात्र भर होगा शतचंडी महायज्ञ
शारदीय नवरात्र के अवसर पर वैदिक ब्राह्मणों द्वारा प्रतिदिन शतचंडी महायज्ञ किया जाएगा। यज्ञ का आयोजन सुबह आठ से 11 बजे और शाम 4:30 से 6:30 बजे तक होगा। वैदिक मंत्रों और आहुतियों के साथ मां भगवती की आराधना की जाएगी। श्रद्धालु यज्ञ में शामिल होकर परिवार की सुख-शांति, आरोग्य और समृद्धि की कामना करेंगे।
नवमी पर विशाल भंडारे का आयोजन
नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत 19 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर और उसके परिसर के बाहर आकर्षक विद्युत सज्जा भी की जाएगी, जिससे पूरा क्षेत्र मां की भक्ति और उत्सव के उल्लास से जगमगाएगा।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि शारदीय नवरात्र महोत्सव 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और मां के दर्शन को भव्य बनाने के लिए मंदिर परिसर की विशेष सजावट की जाएगी। उन्होंने भक्तों से नवरात्र के दौरान मां कल्याणी देवी के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल