जनसेवा की भावना सर्वोपरि रखकर काम करें नवचयनित अभ्यर्थी : अनुप्रिया पटेल

 




रोजगार मेले में 81 अभ्यर्थियों को मिले नियुक्ति पत्र, प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का हुआ सजीव प्रसारण

प्रयागराज, 19 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सरकारी सेवा में चयनित युवाओं को जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम करना चाहिए। अपनी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने पर उनके कार्यों में वह क्षमता आएगी, जिससे देश को नई दिशा देने में योगदान मिलेगा। युवाओं की क्षमता और प्रतिभा के बल पर 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में मदद मिलेगी। वह शनिवार को उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय के अटल प्रेक्षागृह में आयोजित रोजगार मेले में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रही थीं।

रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 81 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इनमें केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड, जल शक्ति विभाग, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, रेलवे और डाक विभाग सहित अन्य विभागों में चयनित अभ्यर्थी शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 51 हजार से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया। देश के 45 विभिन्न स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले के 20वें संस्करण की शुरुआत प्रधानमंत्री ने रिमोट का बटन दबाकर की।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। केंद्रीय राज्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने के बाद युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी और सेवा भावना के साथ निभाना चाहिए।

केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर के आयुक्त रंजीत कुमार ने कहा कि यह दिन सभी के लिए खुशी और गौरव का अवसर है। नियुक्ति पत्र देना केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं की प्रतिभा और संकल्प को राष्ट्र सेवा से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को सरकारी सेवा में अवसर देने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक बारा डॉ. वाचस्पति, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य कार्मिक अधिकारी सुबोध विश्वकर्मा, केंद्रीय वस्तु एवं सेवाकर के अपर आयुक्त एम. रहमान और संयुक्त आयुक्त राहुल टी. परमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर अपर आयुक्त एम. रहमान ने केंद्रीय राज्यमंत्री, अन्य अतिथियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के प्रति आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल