जल जीवन मिशन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, काम में तेजी लाकर दिसंबर तक शुरू करें नियमित जलापूर्ति : मनीष कुमार वर्मा
धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को दी कड़ी चेतावनी, नवंबर तक 54 ओवरहेड टैंक पूरे करने का लक्ष्य
प्रयागराज, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही और धीमी प्रगति किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यदायी संस्थाएं श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करें। जिन गांवों में ट्यूबवेल लगाने का काम पूरा हो चुका है, वहां पाइप के माध्यम से तत्काल जलापूर्ति शुरू कराई जाए। दिसंबर तक तैयार हो चुके ओवरहेड टैंकों से नियमित जलापूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए। यह निर्देश जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय कक्ष में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिए।
जिलाधिकारी ने कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एलएंडटी के प्रोजेक्ट मैनेजर को चेतावनी दी। उन्होंने मैनपॉवर बढ़ाकर निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। जिन स्थानों पर अभी तक ओवरहेड टैंक का निर्माण शुरू नहीं हुआ है, वहां तत्काल काम शुरू कराकर निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। उन्होंने अधिक से अधिक गांवों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सतही जलापूर्ति योजना के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गजा इंजीनियरिंग और वीपीआरपीएल के प्रोजेक्ट मैनेजर को नवंबर माह तक क्रमशः 34 और 20 ओवरहेड टैंकों का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने तीनों कार्यदायी संस्थाओं को सड़क मरम्मत के कार्यों में भी लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत गुणवत्ता के साथ कराई जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2024 में ही धनराशि जमा किए जाने के बावजूद विद्युत विभाग की ओर से बिजली कनेक्शन नहीं दिए जाने के कारण कई स्थानों पर काम प्रभावित हो रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह को संबंधित विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता के विरुद्ध पत्र भेजने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित विद्युत कनेक्शन तत्काल जारी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को जल सारथी एप के निर्धारित लक्ष्य को पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जल जीवन मिशन के कार्यों की तीसरी पक्ष से नियमित जांच कराने और अगली समीक्षा बैठक में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। जिन स्थानों पर ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए अभी तक जमीन उपलब्ध नहीं हो सकी है, वहां संबंधित उपजिलाधिकारियों से समन्वय बनाकर जल्द जमीन उपलब्ध कराने और निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, डीसी डीपीएमयू तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल