स्थानीय युवाओं को घर के पास रोजगार दिलाना प्राथमिकता : राजीव कुमार यादव

 






मांडा खास में रोजगार मेले में 18 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 789 अभ्यर्थियों का पंजीकरण, 376 का प्रारंभिक चयन

प्रयागराज, 02 नवंबर (हि.स.)। युवाओं को उनके घर के नजदीक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और स्थानीय उद्योगों की कुशल कर्मचारियों की जरूरत पूरी करना रोजगार मेले का प्रमुख उद्देश्य है। इसके माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही उन्हें अपनी योग्यता और कौशल के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलता है। यह जानकारी सोमवार को सहायक निदेशक राजीव कुमार यादव ने क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय प्रयागराज और लाल बहादुर शास्त्री पॉलिटेक्निक, मांडा खास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में दी।

उन्होंने मेले के उद्देश्य और कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राजमणि कोल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रोजगार मेले युवाओं और उद्योगों के बीच सीधा संपर्क स्थापित करने का माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा मिलता है।

मेलाधिकारी विश्वमंदिर द्विवेदी ने बताया कि रोजगार मेले में निजी और सार्वजनिक क्षेत्र की कुल 18 कंपनियों ने हिस्सा लिया। मेले में 789 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों ने साक्षात्कार के बाद 376 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक रूप से चयन किया। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र और कार्यभार ग्रहण करने से संबंधित जानकारी कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।

मेले में कंपनियों ने तकनीकी एवं गैर तकनीकी पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की। अभ्यर्थियों को एक ही स्थान पर पंजीकरण, दस्तावेजों के सत्यापन और साक्षात्कार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य रजनीश उपाध्याय और मेला प्रभारी मारूफ अहमद का सक्रिय योगदान रहा। बड़ी संख्या में युवाओं ने मेले में पहुंचकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल