हनुमान जन्मोत्सव पर विश्व कल्याण को की गई विशेष पूजा: बलबीर गिरी

 




प्रयागराज, 02 अप्रैल (हि.स.)। हनुमान जन्मोत्सव पर गुरुवार सुबह से विश्व प्रसिद्ध बंधवा स्थित बड़े हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में पूजा अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। हनुमान मंदिर के महंत बलबीर गिरी ने बताया कि संकट मोचन भगवान बजरंगबली के जन्मोत्सव के मौके पर वैदिक मंत्रों के साथ विधि विधान से पूजा अर्चना की गई।

हनुमान जन्मोत्सव को लेकर संगम नगरी प्रयागराज में संगम के बंधवा स्थित श्री बड़े हनुमान मंदिर में खास तैयारियां की गई हैं। पूरे मंदिर को सजाया गया है। वहीं बजरंगबली की मूर्ति को काशी और कोलकाता से मंगाए गए फूलों से भव्य तरीके सजाया गया है। पूरे मंदिर परिसर को फूलों के साथ बिजली की झालरों से भी सजाया गया है। गर्मी के चलते श्रद्धालुओं के लिए पंडाल लगाए गए हैं और श्रद्धालुओं के पैर न जले इसके लिए मैट बिछाई गई है। हनुमान जन्मोत्सव के दिन मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव पर उन्हें 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग भी लगाया गया। हनुमान जन्मोत्सव के मौके पर ईरान और अमेरिका व इजरायल के बीच युद्ध के हालात काे लेकर हनुमान जी की विशेष आराधना की गई। आरोग्य के देवता हनुमान जी से विश्व में सुख शांति और समृद्धि की कामना की गई। गौरतलब है कि श्री बड़े हनुमान जी को शहर कोतवाल कहा जाता है। दुनिया में हनुमान जी का यही इकलौता मंदिर है जहां पर विश्राम की मुद्रा में हनुमान जी अपने भक्तों को दर्शन देते हैं। भोर पहर बजरंगबली की प्रतिमा काे स्नान कराया गया। मंगला आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए मंदिर को खोल दिया गया। जिसके बाद से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम स्थित बंधवा हनुमान मंदिर पहुंच रहे है दर्शन पूजन कर रहे है।

कटघर समया मंदिर में धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव

कटघर स्थित समया मंदिर में भगवान हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बड़े धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रभु का भव्य श्रृंगार, पूजन-अर्चन, हनुमान चालीसा पाठ, आरती तथा गुड़-चना के लड्डू का प्रसाद भक्तों में वितरित किया गया। मंदिर परिसर में पूरे दिन भक्तों का तांता लगा रहा और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर पूर्व पार्षद एवं भाजपा प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने श्रद्धापूर्वक पूजन करते हुए कहा कि वर्तमान युग कलयुग है और इस युग में भगवान हनुमान संकटमोचन के रूप में भक्तों के सभी कष्ट दूर करते हैं। उन्होंने कहा कि “संकट कटे मिटे सब पीरा, जो सुमिरत हनुमत बलबीरा” की भावना के साथ हनुमान जी का श्रद्धा से पूजन करने पर जीवन के संकट दूर होते हैं। उन्होंने सभी लोगों को प्रतिदिन हनुमान जी का स्मरण और पूजन करने की सलाह दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल