प्रयागराज : ‘हनुमान अंश’ फिल्म देखने वालों की संख्या पहुंची 1.08 लाख के पार
मंत्री नंदी की पहल पर 17 सितंबर से पीवीआर में जारी है निःशुल्क विशेष प्रदर्शन
प्रयागराज, 04 अक्टूबर (हि.स.)। बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित प्रेरणादायी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को प्रयागराज में अब तक एक लाख आठ हजार से अधिक लोग देख चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी की पहल पर 17 सितंबर से सिविल लाइंस स्थित पीवीआर सिनेमा में फिल्म का निःशुल्क विशेष प्रदर्शन किया जा रहा है।
फिल्म के विशेष प्रदर्शन में भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, बूथ एवं सेक्टर संयोजकों और पन्ना प्रमुखों के साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी पहुंच रहे हैं। शुरुआती दिनों से ही दर्शकों की संख्या अधिक रहने के कारण कई शो हाउसफुल रहे। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों में भी फिल्म को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
विशेष स्क्रीनिंग के दौरान कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी अपनी पत्नी एवं प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी के साथ दर्शकों के बीच पहुंचे और उनके साथ फिल्म देखी। उन्होंने फिल्म देखने आए लोगों का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया।
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि उनके लिए विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक घर परिवार के समान है और लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहना उनके जीवन का प्रमुख ध्येय है। बाबा नीब करौरी महाराज का जीवन भक्ति, सेवा, सरलता और मानवता का संदेश देता है। ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से बाबा के जीवन और उनके सेवा भाव के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिल्म देखने वाले दर्शकों ने बताया कि ‘हनुमान अंश’ प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति के साथ त्याग, समर्पण और सेवा की भावना को जागृत करती है। फिल्म के दौरान सभागार में कई बार ‘जय श्रीराम’ और ‘सीताराम’ के जयघोष गूंजते हैं। विशेष प्रदर्शन के माध्यम से बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, हनुमान भक्ति और मानव सेवा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल