नारायण के दस अवतारों के साथ भक्तों को दिव्य स्वरूप में दर्शन दिए गणपति बप्पा

 


मलाकराज में गणेश महोत्सव के दसवें दिन विधि-विधान से पूजन, सूजी के हलवे का लगाया गया भोग

प्रयागराज, 25 सितंबर (हि.स.)। नगर के मलाकराज में चल रहे 16वें गणेश महोत्सव के दसवें दिन गणपति बप्पा का विशेष शृंगार किया गया। नवयुवक संघ गणेश पूजन समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में भगवान गणेश ने नारायण के दस अवतारों के साथ भक्तों को दिव्य स्वरूप में दर्शन दिए। बारिश के बीच भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजन और आरती में शामिल हुए और गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

शाम छह बजे समिति के संयोजक सनी सोनकर ने विधि-विधान से भगवान गणेश का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के साथ आरती की गई। गणपति बप्पा को सूजी के हलवे का भोग अर्पित किया गया। जैसे ही भगवान के दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए, पूरा पंडाल गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान गणेश के दर्शन किए।

इस अवसर पर समिति के संयोजक सनी सोनकर ने गणेश महोत्सव के आयोजन में सहयोग करने वाले लोगों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार जताया। साथ ही आगामी गणेश विसर्जन को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी गईं।

कार्यक्रम में राजेश केसरवानी, सुशील जैन, रवि भूषण, अमित सोनकर, हिमांशु सोनकर, शुभम सागर, मोनू भारतीय, नवनीत, सौरभ और अनुज सोनकर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने भगवान गणेश की आरती की और प्रसाद ग्रहण किया।

महोत्सव के दौरान पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता गणपति से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल