सरकारी सहायता दिलाने के लिए संस्तुति करने को भेजे जाएंगे पहली बार मंडल स्तर से बुनकरों के नाम

 


मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में 104 बुनकरों के लिए 3.44 करोड़ रुपये की सहायता प्रस्तावित

प्रयागराज, 24 अक्टूबर (हि.स.)। प्रयागराज मंडल में पहली बार पात्र पावरलूम बुनकरों को सरकारी सहायता दिलाने के लिए मंडल स्तर से उनके नाम संस्तुति के लिए भेजे जाएंगे। मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित बैठक में फतेहपुर के 104 पात्र बुनकरों के प्रस्तावों का परीक्षण कर कुल 3.44 करोड़ रुपये की राज्यांश धनराशि की संस्तुति की गई। इस पहल से बुनकरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उनके उद्योग को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।

मंडल स्तरीय परियोजना स्वीकृति समिति की बैठक में मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना और विशेष घटक योजना के अंतर्गत संचालित झलकारी बाई कोरी हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना के प्रस्तावों पर विचार किया गया। संबंधित अधिकारियों की ओर से प्रस्तुत आवेदन-पत्रों और अभिलेखों की जांच के बाद पात्र लाभार्थियों के नाम संस्तुति के लिए स्वीकार किए गए।

104 बुनकरों के लिए प्रस्तावित हुई धनराशि

मुख्यमंत्री हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना के अंतर्गत फतेहपुर के 73 पात्र बुनकरों के लिए 2.42 करोड़ रुपये की राज्यांश धनराशि प्रस्तावित की गई। वहीं, झलकारी बाई कोरी हैंडलूम एवं पावरलूम उद्योग विकास योजना के तहत 31 पात्र बुनकरों के लिए 1.02 करोड़ रुपये की धनराशि प्रस्तावित की गई। इस प्रकार दोनों योजनाओं के अंतर्गत कुल 104 बुनकरों के लिए 343.85 लाख रुपये यानी लगभग 3.44 करोड़ रुपये की राज्यांश धनराशि प्रस्तावित की गई है।

बुनकरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने पर जोर

इन योजनाओं का उद्देश्य पात्र बुनकरों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराना, हथकरघा एवं पावरलूम उद्योग को प्रोत्साहित करना और बुनकरों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में सहयोग देना है। मंडल स्तर से प्रस्तावों की जांच और संस्तुति की पहल से पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग, प्रयागराज मंडल, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, प्रयागराज, परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। झलकारी बाई कोरी योजना से संबंधित बैठक में उपनिदेशक, समाज कल्याण विभाग भी शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल