प्रयागराज गंगा में डूबे दूसरे छात्र का भी शव बरामद
प्रयागराज, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शिवकुटी थाना क्षेत्र के गंगेश्वर घाट पर गंगा नदी में शनिवार को डूबे दो छात्रों में से दूसरे छात्र का शव भी मंगलवार को पाया गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव बरामद करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि शिवकुटी थाना क्षेत्र स्थित गंगेश्वर घाट पर गंगा में डूबे दूसरे छात्र का शव भी मंगलवार को बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान शुभम कुमार (18) के रूप में हुई है। वह मुंशी गंज कमला नगर का निवासी था। पुलिस के अनुसार शुभम कुमार और उसका साथी आयुष तिवारी, प्रयागराज के गोविंदपुर इलाके में एक लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। शनिवार को दोनों गंगा स्नान के लिए गंगेश्वर घाट गए थे। वहांं नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से डूब गए। घटना के बाद से ही पुलिस और गोताखोरों की टीम दोनों छात्रों की तलाश में जुटी हुई थी। इससे पहले एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया था। मंगलवार को दूसरे छात्र शुभम कुमार का शव भी खोज लिया गया। मामले को लेकर पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि दोनों छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। स्नान के दौरान हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल